मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत जिला मुख्यालय में लैपटॉप वितरण करते केंद्रीय मंत्री वीके
लैपटॉप और टैबलेट पाकर खिले युवाओं के चेहरे
गाजियाबाद। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह के हाथों लैपटॉप और टैबलेट पाकर युवाओं के चेहरे खिल उठे। शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डिजी शक्ति योजना और बाल सेवा योजना के तहत लैपटाप और टैबलेट बांटे गए। इसके बाद बेटियों की बढ़ी संख्या के प्रतीक में ‘जेनेसिस’ मूर्ति का भी अनावरण किया गया।
समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित डिजी शक्ति योजना के तहत कुल 140 युवाओं को टैबलेट और 160 युवाओं को मोबाइल दिया गया। योजना के तहत कक्षा 12 से लेकर परास्नातक के छात्र-छात्रा जिनका एडमिशन 2021-22 के सत्र में हुआ। ऐसे 72 हजार से अधिक लाभार्थियों का चयन किया गया है। सीडीओ अस्मिता लाल ने बताया कि मोबाइल और टैबलेट की पहली खेप में 300 मोबाइल-टैबलेट आए थे। जो शुक्रवार को अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को दिया गया है। अब जैसे-जैसे नई खेप आती जाएगी पंजीकृत छात्र-छात्राओं दिया जाता रहेगा।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत कोरोना की वजह से अपने माता-पिता दोनों या इनमें से एक को खोने वाले 130 बच्चों को जनरल वीके सिंह ने लैपटॉप दिया। साथ ही शिक्षा एवं पोषण के लिए 25 बच्चों को 25000-25000 की फिक्स डिपोजिट के कागजात भी दिए गए हैं।