कुत्ते के हमले से गिरी वृद्धा की टूटी हड्डियां, मालिक पर केस
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की गौर कैसकेड सोसायटी निवासी अधिवक्ता धर्म सिंह चौहान की 68 वर्षीय पत्नी वीना चौहान पर पड़ोसी के पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया। जमीन पर गिरने से उनके हाथों की हड्डियां टूट गईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अधिवक्ता की तहरीर पर नंदग्राम पुलिस ने कुत्ते के मालिक संजय झा और उनकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वरिष्ठ अधिवक्ता धर्म सिंह चौहान गाजियाबाद कचहरी में प्रेक्टिस करते हैं। उन्होंने बताया कि 5 अक्तूबर की शाम को खाना खाने के बाद उनकी पत्नी वीना सोसायटी में तिकोने पार्क के पास घूम रही थीं। इसी दौरान सोसायटी में ही रहने वाले संजय झा अपनी पत्नी और पालतू कुत्ते के साथ पहुंचे और उसके साथ मस्ती करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान कुत्ते ने वीना चौहान पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गई। हाथ काम न करने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां एक्सरे कराने पर पता चला कि उनके बायें हाथ की हड्डियां टूट गई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। बृहस्पतिवार को दी तहरीर में अधिवक्ता धर्म सिंह चौहान ने आरोप लगाया है कि मौज-मस्ती के दौरान उनकी पत्नी पर कुत्ता छोड़ दिया, जिसके बाद उसने हमला बोल दिया। हालांकि, आरोपी दंपती ने इस बात से इंकार किया है।
सीओ द्वितीय अवनीश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर संजय झा और उनकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज से साक्ष्य जुटाकर आगामी कार्रवाई की जाएगी।