शहर की दूसरी गारबेज फैक्टरी 30 दिन में हो जाएगी शुरू
गाजियाबाद। कूड़ा डंप करने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए नगर निगम शहर की दूसरी गारबेज फैक्टरी 30 दिन में शुरू करने की तैयारी शुरू कर रहा है। नंदग्राम की रेत मंडी में इस गारबेज फैक्टरी का सिविल वर्क पूरा हो गया है। अब मशीनों को लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निगम ने मशीनों के संचालन के लिए बिजली कनेक्शन के लिए भी आवेदन कर दिया है।
नगर निगम ने जिले की पहली गारबेज फैक्टरी का निर्माण सिहानी में किया है। 150 मीट्रिक टन कचरे का रोजाना निस्तारण करने की क्षमता वाली फैक्टरी में सिटी जोन का कचरा पहुंचाया जा रहा है। बाकी शहर का कचरा राजनगर एक्सटेंशन में बनी सैनेटरी लैंडफिल साइट पर पहुंच रहा था। बीते मंगलवार को स्थानीय लोगों और क्षेत्रीय विधायक के विरोध के चलते साइट बंद कर दी गई। नगर निगम ने इसके बाद गालंद में अपनी जमीन पर कचरा भेजना शुरू किया, लेकिन यहां भी ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। इसकी वजह से नगर निगम को कचरा निस्तारण में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छह दिन से शहर का आधा कचरा सड़कों के किनारे डंप है। इसके बाद नगर निगम ने अब दूसरी गारबेज फैक्टरी को चालू करने की तैयारी शुरू कर दी है। ----
कोट
नंदग्राम रेत मंडी में निर्माणाधीन गारबेज फैक्टरी का संचालन शुरू करने के लिए मशीनों को लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बिजली कनेक्शन के लिए भी आवेदन कर दिया गया है। एक महीने में यह सभी प्रक्रियाएं पूरी कर कचरा निस्तारण शुरू कर दिया जाएगा। - महेंद्र सिंह तंवर, नगरायुक्त