दुहाई टोल प्लाजा पर बारातियों से भरी बस में लगी आग
मुरादनगर। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के दुहाई टोल प्लाजा आर-4 पर बुधवार शाम उस वक्त भगदड़ मच गई, जब अचानक चलती बारातियों से भरी बस में आग लग गई। बस में बैठे बारातियों ने कूदकर अपनी जान बचायी। कुछ ही देर में आग भीषण हो गई। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना पुलिस और दमकल को दी गई। आरोप है कि सूचना के करीब एक घंटे बाद दमकल मौके पर पहुंची। तब तक आग में जलकर बस राख हो चुकी थी।
बुधवार सुबह मेरठ जानी से एक बारात नोएडा दादरी गई थी। शाम करीब पांच बजे बारात दादरी से वापस चली। करीब छह बजे दुहाई टोल प्लाजा आर-4 के पास बस एक्सप्रेस-वे से नीचे उतर रही थी। टोल प्लाजा के निकट अचानक बस में आग लग गई। टोल कर्मियों ने शोर मचा दिया। टोल मैनेजर कैलाश उपाध्याय ने बस रुकवाकर सूचना पुलिस व दमकल को दी। चालक देवेंद्र ने बस रोक दी, बस में आग लगने की खबर पर बारातियों में अफरातफरी मच गई, बारातियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। कुछ ही देर में आग भीषण हो गई, मौके पर टोल कर्मियों में भी भगदड़ मच गई। लेकिन जब तक बस से सभी बराती उतर चुके थे। बस में ढोल बैंड वालों समेत करीब चालीस लोग सवार थे। हादसे में सभी सकुशल बच गये। मौके पर पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बस चालक देवेंद्र का आरोप है कि सूचना के करीब एक घंटे बाद दमकल मौके पर पहुंची। जब तक आग में बस जलकर राख हो चुकी थी। बस में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। एसएचओ ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि बस में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। बस में सवार सभी बाराती सकुशल उतर गए थे।
आग बुझाने के टोल प्लाजा पर नहीं थे यंत्र
टोल प्लाजा दुहाई पर बस में आग लग गई थी। टोल कर्मियों ने बस में सवार बरातियों को सकुशल उतार लिया था। बस चालक देवेंद्र का आरोप है कि टोल प्लाजा पर आग बुझाने का कोई साधन नहीं था। यदि टोल पर आग बुझाने का कोई साधन होता तो बस पूरी जलने से बच सकती थी। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों का आवागमन है। ऐसे में टोल प्लाजा पर आग बुझाने का इंतजाम होना चाहिए।
लोग बनाते रहे वीडियो
दुहाई टोल प्लाजा पर बरातियों से भरी बस में आग लगने पर मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। धीरे-धीरे बस की आग बढ़ती गई, लोग बस की वीडियो बनाते रहे, किसी ने भी बस में लगी आग को बुझाने की कोशिश नहीं की।