मेरठ रूट के तीन स्टेशनों पर बने लो-हाईट प्लेटफार्मों की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। रेलवे इन प्लेटफार्म का निर्माण अब ईएमयू ट्रेन की ऊंचाई के मुताबिक करेगा। इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट ने गाजियाबाद क्षेत्र में पड़ने वाले तीन स्टेशनों (गुलधर, दुहाई और मुरादनगर) के चार प्लेटफार्म को ऊंचा किए जाने का प्रपोजल बनाकर डिवीजन को भेजा है। करीब चार करोड़ के बजट से प्लेटफार्म को ऊंचा कर यात्री सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
गुलधर हाल्ट पर फिलहाल दोनों प्लेटफार्म लो-हाईट के हैं। दुहाई और मुरादनगर स्टेशन पर एक-एक प्लेटफार्म की ऊंचाई भी कम हैं। मेमू ट्रेन में चढ़ने के लिए कोच में सीढ़ियां लगी होती हैं, लेकिन प्लेटफार्म की ऊंचाई कम होने की वजह से महिलाओं और बच्चों को कोच में सवार होने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्लेटफार्म कम ऊंचाई के होने की वजह से इस रूट पर ईएमयू ट्रेन का संचालन नहीं हो सका। अब रेलवे के इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट ने चार प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाने का प्रपोजल मुख्यालय को भेजा है।
रेलवे के एईएन ने बताया कि करीब चार करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर डिवीजन भेजा गया है। प्रस्ताव पास होने पर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू किया जाएगा।
यात्री सुविधाओं से होंगे लैस
नए प्लेटफार्म बनाने के साथ-साथ रेलवे इन पर टीनशेड लगाएगा, ताकि गर्मी, सर्दी और बरसात से भी यात्री बच सके। इनके अलावा वाटर पोस्ट, बेंच, लाइटें भी लगाई जाएंगी। रेलवे के इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से गुलधर हाल्ट पर भी सुविधाएं बढ़ जाएंगी। फिलहाल यहां सुविधाएं न होने से यात्रियों की संख्या भी कम हैं।