एक माह बाद 100 के पार हुए सक्रिय मरीज
गाजियाबाद। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में 3556 लोगों की जांच के बाद 28 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही एक माह बाद कोरोना के सक्रिय केस की संख्या बढ़कर 102 हो गई है। इससे पूर्व नौ मई को संक्र मित मरीजों की संख्या 104 थी। सक्रिय मरीजों में 25 बच्चे भी शामिल हैं।
इलाज के सात दिन बाद 13 मरीजों को पोर्टल से डिस्चार्ज किया गया है। सभी मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है। जून के 11 दिनों में 145 लोग संक्रमित मिले हैं। अप्रैल में 789 लोग संक्रमित हुए थे। मई में 938 मरीज कोरोना संक्रमित हुए थे। पिछले 15 दिन से रोजाना छह से 19 मरीजों की पुष्टि हो रही थी, लेकिन शनिवार को 28 मरीज मिले हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता का कहना है कि संक्रमण बढ़ा है लेकिन किसी भी मरीज में गंभीर लक्षण नहीं हैं। 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के प्रति सावधान रहने की जरूरत है। 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चे कोरोना टीकाकरण से वंचित हैं, इसलिए उनके प्रति अभिभावकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
अस्पतालों में लगातार निगरानी
एसीएमओ डॉ. सुनील त्यागी का कहना है कि जिले में दो अस्पतालों में बच्चों के लिए 20-20 बेड के विशेष वार्ड रिजर्व हैं। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी बच्चों के लिए बेड रिजर्व किए गए हैं। हर सप्ताह उनका निरीक्षण भी किया जाता है। शासन के निर्देश पर अब तक जिले में आठ बार मंडल और प्रदेश स्तर के अधिकारियों की मौजूदगी में मॉकड्रिल किया जा चुका है। 20 निजी अस्पतालों को भी बेड रिजर्व रखने का निर्देश दिया जा चुका है।
शत-प्रतिशत हुआ टीकाकरण
सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार का कहना है कि कोरोना से बचाव के लिए जिले में शत प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है। 12 साल के बच्चों से लेकर 60 वर्ष और उससे अधिक आयु वाले बुजुर्गों को कोरोना की 67 लाख से ज्यादा डोज लगाया जा चुका है। डेढ़ लाख से अधिक लोगों को बूस्टर डोज भी लगाया जा चुका है। ऐसे में कोरोना संक्रमण के गंभीर लक्षण सामने आने की आशंका कम है।