खेलते समय नाले में गिरा छात्र, मौत
मुरादनगर। सहबिस्वा मार्ग ईदगाह चौड़ा खड़ा पर बृहस्पतिवार को नाले में गिर कर कक्षा तीन के छात्र की मौत हो गई। करीब आठ घंटे तक छात्र नाले में पड़ा रहा था। बाद में मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
ईदगाह चौड़ा खड़ा निवासी रिक्शा चलाने वाला परवेज सुबह काम पर गया था। परिवार में पत्नी शहनाज, बेटी अनम (12) बेटा अमन (10) व अनस (8) के साथ मौजूद थी। कक्षा तीन में पढ़ने वाला अनस बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे पड़ोस के बच्चों के साथ घर के पास खेल रहा था। खेलते समय अनस लापता हो गया, काफी देर तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। वह नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान पड़ोस के बच्चों ने बताया कि अनस नाले के पास खेल रहा था, हो सकता है कि नाले में गिर गया हो। शाम को कीचड़ से भरे नाले में कुछ लोगों ने उसकी तलाश की। करीब एक घंटे तक तलाशने के बाद 7:30 बजे अनस का शव नाले से मिला। बेटे का शव देख परिवार में कोहराम मच गया। कॉलोनी के लोगों में गुस्सा फूट गया, लोगों ने अनस का शव सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि आबादी के बीच से खुले नाले की वजह से हादसा हुआ है। लोग काफी समय से नाले को ढकने की मांग कर रहे है। हंगामे की सूचना पर एसओ सतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की लेेकिन कॉलोनी के लोग अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मोदीनगर एसडीएम शुभांगी शुक्ला ने तहसीलदार को मौके पर भेजा। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की घोषणा की गई। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अभिषेक कुमार ने पीड़ित परिवार की मदद करने का आश्वासन दिया है। एसओ सतीश कुमार ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था, इसके चलते पंचनामा भर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।