मर्सिडीज कार बेचने के बहाने 45 लाख हड़पे, रिपोर्ट दर्ज
साहिबाबाद। रामप्रस्थ कॉलोनी निवासी सुब्रमण्यम बलरामन से मर्सिडीज कार बेचने के बहाने 45 लाख रुपये हड़प लिए। उन्होंने लिंक रोड थाने में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा कराया है। उन्होंने बताया कि वह सेकेंड हैंड लग्जरी कार खरीदना चाहते थे। इस बीच एक जानकार की मदद से दिल्ली के प्रीत विहार निवासी विपिन चौधरी से गाड़ी के लिए संपर्क किया। वह गाड़ी की किश्त जमा नहीं कर पा रहा था। दोनों पक्षों के बीच गाड़ी का लेन-देन तय हो गया। बाद में उसने घर जाकर गाड़ी सौंप दी लेकिन लिखित रूप से हस्तांतरण करने के लिए बैंक के दो फार्म पर हस्ताक्षर कर लिए। कुछ दिन बाद जब वह आरटीओ में गाड़ी ट्रांसफर कराने गए तो वहां अधिकारी ने मना कर दिया। जानकारी करने पर पता चला कि मालिक ने कागजात खो जाने पर गाड़ी ट्रांसफर न करने का प्रार्थना पत्र दे दिया था। आरोप है कि गाड़ी मालिक ने उन्हें पैसे मांगने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी है। कौशांबी थाने में उनकी 45 लाख रुपये हड़पने की शिकायत रिपोर्ट दर्ज हुई है। थाना प्रभारी सचिन मलिक का कहना है कि कार मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी की जांच चल रही है।