नौ दिन बाद मिले डिस्चार्ज से अधिक कोरोना संक्रमित
30 संक्रमित, 18 डिस्चार्ज
गाजियाबाद। 3424 लोगों की जांच में कोरोना संक्रमण के 30 मरीज मिले हैं। इलाज के बाद सात दिन में 18 लोगों को पोर्टल से डिस्चार्ज किया गया है। सभी का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा था। नौ दिन बाद स्वस्थ होने वालों से अधिक संख्या संक्रमितों की रही है। इस समय 130 सक्रिय मरीजों का होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि 24 घंटे में पांच साल और 11 साल के दो बच्चे मिले हैं। 13 से 18 साल के चार, 21 से 38 वर्ष के आठ, 41 से 58 साल की उम्र के 10 और छह बुजुर्ग कोरोना संक्रमित हुए हैं। 14 मई को 48 कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई थी, उसके बाद सोमवार को 30 मरीज मिले हैं। बीच में संक्रमित मरीजों की संख्या 10 पर पहुंच गई थी। इस बीच संक्रमितों से अधिक स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा रहा। संक्रमित मरीजों में 52 फीसदी आरटी-पीसीआर और 42 फीसदी एंटीजन जांच में मिले हैं। सर्विलांस अधिकारी का कहना है कि कई दिन बाद मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है लेकिन इसमें कोई गंभीर मरीज नहीं है।