एमएलसी चुनाव: जनपद में 96.25 फीसदी हुआ मतदान
गाजियाबाद। एमएलसी चुनाव में जनपद के कुल 799 में से 769 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले के 11 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ से शाम 4 बजे तक वोट डाले गए, जिसमें कुल 96.25 फीसदी मतदान हुआ। खोड़ा, डासना, पतला, निवाड़ी, फरीदनगर, मोदीनगर में शत प्रतिशत मतदान हुआ। गाजियाबाद नगर निगम क्षेत्र के लिए जिला पंचायत कार्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र पर 124 में से 114 वोट पड़े। एमएलसी बलवंत सिंह रामू वालिया, डासना क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य नसीम वोट डालने नहीं पहुंचीं। नसीम पूर्व विधायक असलम चौधरी की पत्नी हैं।
मतदान सुबह आठ बजे सभी केंद्रों पर शुरू हो गया। जिला पंचायत कार्यालय पर मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने 8.15 पर वोट डाला। इसके बाद सदर विधायक अतुल गर्ग, मेयर आशा शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, एमएलसी सुरेश कश्यप, राजेंद्र चौधरी, दिनेश गोयल ने वोट डाले। नगर निगम के पार्षदों ने भी वोट डाले। लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने लोनी और मोदीनगर विधायक डा. मंजू शिवाच ने मोदीनगर में वोट डाला। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। मतपेटिका मेरठ भेज दी गई।
कहां कितने पड़े वोट
स्थान कुल वोट पड़े मत
जिला पंचायत कार्यालय गाजियाबाद 124 114
खोड़ा नगर पालिका परिसर 34 34
लोनी नगर पालिका 162 160
भोजपुर विकास खंड कार्यालय 148 140
मोदीनगर नगर पालिका परिषद 28 28
नगर पंचायत फरीदनगर 12 12
खंड विकास कार्यालय मुरादनगर 144 141
कार्यालय नगर पंचायत निवाड़ी 11 11
कार्यालय नगर पंचायत पतला 10 10
विकास खंड कार्यालय रजापुर 110 103
कार्यालय नगर पंचायत डासना 16 16