दूसरी लहर से सीखा सबक, तीसरी में नहीं आई किल्लत
गाजियाबाद। पहली और दूसरी लहर से सबक सीखने के बाद तीसरी लहर की तैयारी और टीकाकरण से कोरोना संक्रमण को मात देने में मदद मिली। तीसरी लहर आने से पहले 11 अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर की व्यवस्था के साथ ही बच्चों में संक्रमण की संभावना को देखते हुए पीकू और नीकू वार्ड बनाए गए।
पहली लहर में 22 कोविड अस्पतालों का संचालन किया गया और 45 क्वारंटीन सेंटर बनाए गए थे। दूसरी लहर में 58 कोविड अस्पतालों में मरीज भर्ती हुए थे, फिर भी बेड कम पड़ गए थे। तीसरी लहर में 32 अस्पतालों को कोविड मरीजों को भर्ती करने की मंजूरी दी गई, टीकाकरण होने से सिर्फ पांच अस्पतालों में ही मरीज भर्ती हुए। संयुक्त अस्पताल में स्थापित किए गए कोविड वार्ड को चलाने की जरूरत ही नहीं पड़ी। पीकू वार्ड भी खाली रह गए। ऑक्सीजन की जरूरत भी बहुत कम मरीजों को पड़ी।
तीसरी लहर में कमजोर रहा संक्रमण
दो साल में जिले में 2794538 लोगों की जांच में 84879 संक्रमित हुए थे। तीनों लहर में सबसे अधिक 27052 लोग संक्रमित हुए थे, इनमें से सिर्फ 430 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत पड़ी थी। अन्य मरीज घर पर रहकर ही कोरोना को मात दिए थे। संक्रमण की चपेट में आए 14 की मौत हुई थी, जबकि पहली लहर में 102 और दूसरी में 359 की मौत हुई थी।
दूसरी लहर तक 19 हजार लोगों को कराया गया था भर्ती
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता का कहना है कि कोरोना की पहली और दूसरी लहर में 19 हजार लोगों को इलाज के लिए कोविड अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा था, तीसरी लहर में सिर्फ 232 संक्रमितों को ही भर्ती कराने की जरूरत पड़ी थी। 228 संक्रमित स्वस्थ होने के बाद घर पहुंच चुके हैं। 4 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। खास बात यह है कि तीसरी लहर में सबसे अधिक 28526 संक्रमितों ने घर पर रहकर कोरोना को मात दी है।
कोरोना से लोगों के स्वास्थ्य के प्रति बढ़ी सजगता
सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार का कहना है कि पहली लहर में वायरस का असर कम था और दूसरी में सबसे अधिक प्रभाव था। मरीज को सांस लेने में परेशानी ज्यादाहुई थी। तीसरी लहर में ज्यादातर लोगों का टीकाकरण हो चुका था, इससे वायरस का असर कम हुआ।
पहली लहर में मार्च 2020 से दिसंबर तक संक्रमित
मार्च - 10
अप्रैल - 70
मई - 300
जून - 1837
जुलाई - 3927
अगस्त - 3678
सितंबर - 6417
अक्टूबर - 4870
नवंबर - 4822
दिसंबर - 3034
दूसरी लहर फरवरी 2021 से जून 2021 तक संक्रमित
फरवरी - 179
मार्च - 587
अप्रैल - 14091
मई - 14991
जून - 324
तीसरी लहर दिसंबर 21 से मार्च 22 तक संक्रमित
मार्च - 190
फरवरी - 1700
जनवरी - 27052
दिसंबर - 237
उम्र के अनुसार अब तक हुआ टीकाकरण
12 से 14 वर्ष - 29290
15 से 17 वर्ष - 357991
18 से 44 वर्ष - 3890175
45 से 60 वर्ष - 1083190
60 वर्ष से 555150