उत्साह से किशोरों ने लगवाया टीका
गाजियाबाद। 12 से 14 वर्ष के किशोरों का कोरोनारोधी टीकाकरण बुधवार को शुरू हो गया। पहले दिन 15 केंद्रों पर 672 किशोरों ने टीका लगवाया। सबसे अधिक भोजपुर केंद्र पर 153 और सबसे कम डासना स्वास्थ्य केंद्र पर एक किशोर ने टीका लगवाया। केंद्र पर पहुंचे किशोरों में उत्साह दिखाई दिया।
टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण करने स्वास्थ्य विभाग के अपर प्रमुख सचिव अमित मोहन पहुंचे। एसीएस के आने से पहले इंग्राहम इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं को वाहन से लाकर रोका गया था। टीका लगवाने के बाद छात्रों को स्कूल छोड़ा गया। अमित मोहन ने अस्पताल में डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन के सहयोग और सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार के आह्वान पर आईएमए की ओर से सर्विकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) की रोकथाम के लिए आयोजित टीकाकरण कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया। टीका लगवाने आई किशोरियों ने फूल देकर एसीएस को सम्मानित किया। केंद्र पर 17 किशोरियों को टीका लगाया गया।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य और टीका लगवाने वाले किशोर-किशोरियों के बीच संयुक्त अस्पताल में टीकाकरण शुरू करने के दौरान बातचीत हुई। केंद्र पर मौजूद बच्चों से बातचीत के दौरान एसीएस ने उनकी कक्षा और आयु के बारे में जानकारी ली। उन्होंने फीता काटकर केंद्र पर टीका लगाने की शुरुआत की।
एसीएस ने ये पूछे सवाल
सवाल : आप लोग इतनी देर से किस चीज का इंतजार कर रहे हैं।
जवाब: सर, हम लोग वैक्सीन लगवाने आए हैं, जिससे कोरोना से बच सकें।
सवाल : अभी तक आप लोगों ने टीका क्यों नहीं लगवाया था।
जवाब : सर अभी तक बड़ी उम्र के लोगों को टीका लग रहा था, हम लोगों की उम्र के लोगों का आज से शुरू हुआ है।
सवाल: डर तो नहीं लग रहा है, खाना खाकर आए हो या खाली पेट।
जवाब: नहीं सर डर नहीं लग रहा है, हम लोग टीका लगवाने के बाद ही जाएंगे। सुबह ही खाना खा लिए थे।
रेफरल यूनिट का किया निरीक्षण
मुरादनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बनाई गई पहली रेफरल यूनिट (एफआरयू) देखने पहुंचे एसीएस ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिया। डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी दौरा किया। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार ने बताया मुरादनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अब सिजेरियन प्रसव भी हो सकेंगे। इस मौके पर सीएमओ एसीएमओ डॉ. सुनील त्यागी, जिला महिला चिकित्सालय की सीएमएस डॉ. संगीता गोयल, संयुक्त अस्पताल के सीएमएस डॉ. विनोद कुमार पांडेय और डॉ. माला शर्मा, आरडी यादव, आईएमए से डॉ. अल्पना कंसल के अलावा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष हृदेश कंसल, महासचिव राजीव त्यागी, मंत्री हितेंद्र शर्मा और कोषाध्यक्ष सौरव त्यागी मौजूद रहे।
पहले दिन अव्यवस्था की भेंट चढ़ा अभियान
बिना तैयारी किए पहले दिन का टीकाकरण अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया। कहीं 11 बजे के बाद टीका लगना शुरू हुआ तो कहीं 10 बजे से, संयुक्त अस्पताल में टीका लगवाने पहुंचे काफी संख्या में किशोर वापस लौट गए, उन्हें बताया गया कि टीका दोपहर बाद लगेगा। वहीं, प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज अग्रवाल ने कहा कि केंद्र से बिना टीका लगे कोई वापस नहीं गया।