मेरठ से बरात में आए किशोर और युवक ट्रेन से कटे
मसूरी। मेरठ से डासना बरात में आए एक किशोर और युवक रविवार दोपहर डासना के पास ट्रेन की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों फार्म हाउस से निकलकर रेलवे ट्रैक पर टहल रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ। सूचना पर मसूरी पुलिस और आरपीएफ ने शवों को हटाकर ट्रैक खाली कराया। इसके बाद ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा गया।
हादसा दोपहर करीब सवा दो बजे हुआ। 10 मिनट बाद ही पुलिस को इसकी सूचना मिली। मसूरी इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे तो दोनों के शव ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़े थे। हादसे की सूचना पाकर पहुंचे पिता ने दोनों शवों की पहचान की। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान समीर (16 ) और शहबान (19) निवासी भंवी, जानी मेरठ के रूप में हुई। मृतक समीर और शहबान के पिता ने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर शवों का पोस्टमार्टम न कराए जाने की मांग की। परिजनों के लिखित आवेदन पर पुलिस ने शव उनके सुपुर्द कर दिए। इस दौरान करीब 40 मिनट तक ट्रैक बाधित रहा। दोपहर 2:55 बजे ट्रैक को खाली कराकर अवध-असम ट्रेन को धीमी गति के साथ गुजारा गया। घटना की सूचना उत्तर संपर्क क्रांति के लोको पायलट ने आरपीएफ को लिखित में दी है।