रात में राहगीरों से लूट करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार
गाजियाबाद। कविनगर थाना पुलिस ने रात में राहगीरों से लूट करने वाले चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने लूट का सामान बरामद किया है। आरोपियों पर गाजियाबाद के अलावा गौतमबुद्घ नगर के थानों में पांच से अधिक मामले दर्ज हैं।
थाना प्रभारी आनंद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि थाना बादलपुर गौतमबुद्घनगर से पकड़े गए बदमाशों में अभिषेक निवासी सावली हृदयपुर थाना सिकंदराबाद, शिवम गांव समाना थाना नाउकोटी जिला बेगुसराय, मुकेश निवासी ग्राम वड़की सिकराता, थाना सिकरहट्टा बिहार और गगन निवासी मोहल्ला बुर्ज उस्मान खान सुभाष रोड खुर्जा शामिल हैं। इनके कब्जे से एक कैमरा, एक लेंस, चार्जर, लीड, हेडफोन, मोबाइल, नकदी, ट्रॉली बैग बरामद किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि लूट के लिए चारों पहले दो पहिया वाहन को चोरी करते थे। इन वाहनों से रात में दो बजे से लेकर छह बजे तक कंपनियों से आने-जाने वाले और यात्रियों को तमंचा दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। लूटे गए सामान को बेचकर मिली रकम को मौज-मस्ती में उड़ा देते थे। इनमें से अभिषेक और मुकेश थाना कविनगर से वाहन चोरी के मामले में वांछित चल रहे थे।