विजिलेंस के रिटायर्ड जेई के घर आयकर का छापा
मुरादनगर। शिवम विहार कॉलोनी में बिजली विभाग विजिलेंस टीम से सेवानिवृत्त जेई ओडी शर्मा के घर शनिवार को आयकर विभाग ने छापा मारा। आवास पर सुबह ही विभाग के अधिकारी पहुंच गए और कार्रवाई शुरू कर दी। बताया गया है कि शुक्रवार को लखनऊ के सरोजनी नगर में एक कार से भारी मात्रा में नकदी मिली थी। छापे की कार्रवाई नकदी मिलने की जांच से जुड़ी है। नकदी की बरामदगी के तार ओडी शर्मा के बेटे राजीव शर्मा से जुड़े बताए गए हैं।
सुबह करीब सात बजे लखनऊ से आयकर विभाग की टीम ओडी शर्मा के आवास पर पहुंची। गाजियाबाद से भी दो अधिकारी मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान ओडी शर्मा के परिवार के सभी सदस्यों एक जगह पर एकत्रित किया गया और उनके फोन अधिकारियों ने जब्त कर लिए। इसके बाद अधिकारियों ने घर का गेट बंद कर दिया और किसी भी शख्स को बाहर से अंदर आने-जाने पर मनाही कर दी गई। विभागीय सूत्रों के मुताबिक आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी आयकर अधिकारी जांच कर रहे हैं। अधिकारियों ने जेई के संपत्ति संबंधी दस्तावेज, बैंक पासबुक, चेकबुक आदि की जांच भी की। एसओ सतीश कुमार ने आयकर विभाग की कार्रवाई की जानकारी होने से इनकार किया है।