सात मिनट में दो कॉल कर खाते से उड़ाए 89 हजार
गाजियाबाद। सात मिनट में दो कॉल करके शातिरों ने मधुबन बापूधाम क्षेत्र के गुलधर निवासी प्रवीन कुमार के खाते से 89 हजार रुपये निकाल लिए। प्रवीन एक निजी लैब में लैब टेक्नीशियन हैं। शतिर ने खाने का एक ऑर्डर कंफर्म करने के झांसा देकर एप डाउनलोड कराकर ठगी को अंजाम दिया। दो बार खाते से रुपये निकालने के बाद भी शातिर लगातार प्रवीन के पास फोन करते रहे लेकिन ठगी का अहसास होने पर उन्होंने फोन कॉल नहीं उठाई। मामले में प्रवीन ने पुलिस से शिकायत करके रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रवीन ने बताया कि उन्होंने बुधवार दोपहर एक रेस्टोरेंट से खाने का ऑर्डर किया था लेकिन वह रद्द हो गया। बुधवार शाम 4:22 बजे उनके पास अनजान नंबर से कॉल आया, जिसने उनके ऑर्डर के बारे में जानकारी दी और इस बार ऑर्डर कंफर्म करने का झांसा देकर फिर से ऑर्डर कराने के लिए फंसा लिया और एक लिंक भेजकर सागर रत्ना नामक एप डाउनलोड करा लिया। शातिर कॉलर ने बात करते करते एप में निजी जानकारी डलवाकर खाते से पहले 50,268 रुपये निकाल लिए, 4:29 बजे फिर से अनजान नंबर से कॉल आई उन्होंने फोन कॉल उठाई तो फिर से खाते से 38,589 रुपये निकल गए। प्रवीन ने बताया इसके बाद भी उनके पास लगातार फोन कॉल आते रहे लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाई। मधुबन बापूधाम थाना प्रभारी मुन्नेश कुमार का कहना है कि साइबर सेल की मदद से शातिर को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।