बच्चे का धर्म परिवर्तन कराने का आरोप
गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र के लोहा मंडी में एक नाबालिग बच्चे का धर्म परिवर्तन कर खतना करने की शिकायत करते हुए एक युवक ने ट्वीट करते हुए गाजियाबाद पुलिस को टैग कर दिया। हरकत में आई पुलिस ने बच्चे को चौकी में लाकर जांच शुरू कर दी।
बच्चे ने पुलिस को बताया कि वह बिहार का रहने वाला है। कोरोना के दौरान उसके माता-पिता की मौत हो गई। इस बीच उसे एक दंपती ने पालना शुरू कर दिया। दंपती के साथ बच्चा बीते साल गाजियाबाद आ गया। इस बीच लोहा मंडी निवासी जुल्फिकार ने बच्चे को गोद लेने की इच्छा जताई। आग्रह करने पर दंपति ने बच्चे को जुल्फिकार को गोद दे दिया। आरोप है कि जुल्फिकार ने बच्चे को कानूनी तौर गोद लिए बिना ही उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। थाना प्रभारी आनंद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि बच्चे का कथित पिता जुल्फिकार अभी यहां मौजूद नहीं है। उसके आने के बाद दस्तावेजों को पेश करने के लिए कहा जाएगा। जिनकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिसने दी जानकारी, उसी को पुलिस कर रही परेशान
पुलिस ने इस पूरे मामले में ट्वीट कर पुलिस को जानकारी देने वाले युवक ने बताया कि बच्चा अक्सर उनके पास खेलने आता था। बुधवार को उसने दर्द होने की बात कही। देखने पर पता चला कि बच्चे का खतना किया गया है। आरोप है कि इस संबंध में ट्वीट करने के बाद पुलिस उन्हें लगातार परेशान कर रही है। पहले उन्हें पूछताछ के लिए चौकी बुलाया गया। उसके बाद पुलिस ने उनके घर पर दबिश दी। इस बीच पूछताछ करने के बाद उनके भाई को हिरासत में ले लिया गया। जिसके चलते उनका परिवार मानसिक रूप से परेशान हो रहा है।