प्रेमिका को डराने के लिए खरीदी थी पिस्टल, दो गिरफ्तार
गाजियाबाद। नंदग्राम पुलिस ने चेकिंग के दौरान बृहस्पतिवार को कार सवार विक्रम और सागर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध पिस्टल, चाकू और कार बरामद की है। पूछताछ में आरोपी विक्रम ने बताया कि उसकी प्रेमिका का कुछ दिनों से उससे बात नहीं कर रही थी। इससे वह परेशान था और किसी ओर से संबंध होने का शक था। इसलिए उसे डराने के लिए उसने पिस्टल खरीदी।
नंदग्राम थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी विक्रम और सागर मधुबन बापूधाम क्षेत्र के मोरटा निवासी है। उन्होंने बताया कि एसपी सिटी की सर्विलांस टीम और थाना पुलिस राजनगर एक्सटेंशन स्थित आशियाना चौराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने होंडा अकोर्ड कार रोकी जिसमें दो युवक संदिग्ध लगे। दोनों युवकों से पूछताछ की और कार की तलाशी ली तो उनके पास पिस्टल, चाकू और कारतूस मिले। पुलिस पूछताछ में विक्रम ने बताया कि उसने पिस्टल और चाकू एटा निवासी सुनील शर्मा नामक व्यक्ति से 22 हजार रुपये में खरीदी थी। पुलिस पिस्टल विक्रेता सुनील शर्मा की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार आरोपी पहले डिलीवरी बॉय की नौकरी करते थे। हाल में वह प्रॉपर्टी का काम करते हैं।