मसूरी। थाना क्षेत्र स्थित डासना टोल टैक्स पर टोल के रुपयों के लेन-देन के दौरान कार सवार तीन युवक और टोल कर्मी आपस में भिड़ गए और मारपीट की। टोल पर लूट की सूचना पर आनन-फानन में पहुंची मसूरी पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार सुबह अमरोहा निवासी युवक अपने दो दोस्तों के साथ कार से गाजियाबाद आया था। दोपहर करीब तीन बजे वह घर लौट रहा था तो डासना टोल पर पहुंचे तो टोल कर्मियों ने उनसे टोल मांगा।
युवकों ने खुद को लोकल बताते हुए टोल देने से इंकार किया तो दौरान आधा दर्जन टोल कर्मी वहां आ गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कार सवार युवकों ने पिस्टल निकालकर लहरा दी और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।
राहगीरों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने तीनों युवकों समेत करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया तो दोनों पक्ष एक दूसरे पर मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाने लगे। एसएचओ मसूरी दिनेश यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।