गाजियाबाद। मुरादाबाद-बरेली रेलखंड पर चल रहे मेगा ब्लॉक के कारण राजधानी एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनों का संचालन इस महीने प्रभावित रहेगा। रेलवे ने 30 जुलाई तक अलग-अलग तारीखों पर कई ट्रेनों को 30 मिनट से लेकर डेढ़ घंटे तक रास्ते में रोककर चलाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के मार्ग भी परिवर्तित किए गए हैं।
उत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि मेगा ब्लॉक के चलते कई ट्रेनों के समय में अस्थायी बदलाव किया गया है। इसके तहत लालगढ़-डिब्रूगढ़ और अवध-असम एक्सप्रेस को बरेली, रामपुर की बजाय मुरादाबाद, चंदौसी और बरेली कैंट के रास्ते चलाया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
कई ट्रेनों पर असर
6 से 30 जुलाई: दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस 45 मिनट रोककर चलाई जाएगी।
4, 8, 11, 15 जुलाई: अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस लगभग 30 मिनट रोककर चलाई जाएगी।
24 जुलाई: दरभंगा-अमृतसर और नरपतगंज-अमृतसर एक्सप्रेस डेढ़ घंटे रोककर चलाई जाएगी।
26 जुलाई: दिल्ली-वाराणसी एक्सप्रेस 30 मिनट और नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे रोककर चलाई जाएगी।
पहले ही परेशान हैं यात्री
रविवार को भी कई ट्रेनें देरी से गाजियाबाद पहुंचीं। सत्याग्रह एक्सप्रेस एक घंटा, हरिद्वार एक्सप्रेस 20 मिनट, गाजियाबाद-मुरादाबाद मेमू 25 मिनट, हजरत निजामुद्दीन-गाजियाबाद ईएमयू एक घंटा 41 मिनट, दिल्ली-हाथरस किला मेमू 40 मिनट, कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस करीब पांच घंटे और शालीमार-मलानी एक्सप्रेस पौने दो घंटे देरी से पहुंची।