कविनगर और नेहरू नगर की सूखी टंकियों में पानी भरा जाएगा। महापौर अशु वर्मा ने बुधवार को जलकल विभाग के अफसरों को साथ लेकर दोनों क्षेत्रों में निरीक्षण किया। उन्होंने करोड़ों रुपये की लागत से बने टैंक में पानी न भरे जाने पर नाराजगी जताई और 15 दिन में टंकियों को चालू करने के निर्देश दिए। महापौर ने कविनगर जोन के पार्कों का निरीक्षण कर खराब सबमर्सिबल पंप ठीक कराने के आदेश दिए।
बुधवार सुबह 6:30 बजे ही महापौर अशु वर्मा ने पार्षद पति हिमांशु मित्तल और निगम की टीम को लेकर सबसे पहले कविनगर के हाथी पार्क, कला धाम, कबीर पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्यान पर्यवेक्षक और कार्यरत मालियों से जानकारी ली। खराब सबमर्सिबल को रिपेयर कराकर पेड़-पौधों का रख-रखाव सही तरीके से करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलकल अभियंता आरके यादव के साथ कविनगर जोन कार्यालय के पीछे बनी दो पानी की टंकियों का निरीक्षण किया।
इनमें से एक टंकी जर्जर हो चुकी है। दूसरी टंकी की रिपेयर की जानी है। महापौर ने टंकी की रिपेयरिंग कराकर चालू कराने के निर्देश दिए। महापौर और स्थानीय पार्षद शेखर त्यागी निगम अफसरों की टीम के साथ यहां से नेहरू नगर थर्ड पहुंचे।
19 साल से बनी टंकी में पानी न भरने की शिकायत पर पहुंचे महापौर ने अफसरों से वजह पूछी। उन्होंने एक सप्ताह में टंकी का ट्रायल करने और 15 दिन में चालू कराने के निर्देश दिए। उधर, पार्षद शेखर त्यागी का कहना है कि 15 दिन में टंकी चालू न हुई तो कालोनी के लोगों के साथ निगम कार्यालय पर ताला लगाकर धरना दूंगा। उन्होंने अफसरों पर मनमानी का आरोप लगाया।