नवयुग मार्केट में गुपचुप बदला गया ड्रेनेज प्लान अब फिर बदलेगा। स्थानीय पार्षद निधि शर्मा और महापौर अशु वर्मा के विरोध के बाद अब निगम अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के अफसरों को पत्र भेजा है। उन्होंने पाइप लाइन की बजाय ओपन ड्रेनेज बनाने को कहा है।
ऐसे में यहां फिर ओपन ड्रेनेज की फिजिबिलिटी देखी जाएगी।नवयुग मार्केट में जल निकासी के लिए नाले-नालियां बनाए जाने का प्लान बनाया गया था। ओपन ड्रेनेज प्लान को शासन से मंजूरी और फंड भी मिल गया। इसके बाद बिना निगम अफसरों से सहमति लिए सीएंडडीएस यूनिट ने यहां पाइप लाइन डालने का प्लान बना दिया।
टेंडर जारी कर लाइन डालने के लिए पाइप भी साइट पर भेज दिए गए। पाइप देख स्थानीय पार्षद निधि शर्मा और उनके पति राजीव शर्मा ने विरोध कर दिया। उनका कहना है कि ओपन ड्रेनेज को साफ करना आसान है, पाइप लाइन डाली गई तो जल्द ही जाम होने से जल निकासी फिर अवरुद्ध हो जाएंगी।
उनके विरोध पर महापौर अशु वर्मा ने भी नगर आयुक्त को पत्र भेजकर ओपन ड्रेनेज बनाए जाने के लिए कहा। इस पर अब निगम के निर्माण विभाग की ओर से सीएंडडीएस को पत्र भेजकर ड्रेनेज प्लान बदलने को कहा गया है।
निगम के अधिशासी अभियंता एसएस चौहान का कहना है कि सीएंडडीएस दोबारा फिजिबिलिटी चेक रिपोर्ट देगा। संभव हुआ तो ओपन ड्रेनेज बनाया जाएगा।