नकाबपोश बदमाशों ने बृहस्पतिवार रात तमंचे के बल पर चौकीदार को बंधक बनाकर एक मोबाइल शोरूम में लूटपाट की। बदमाश शोरूम से डेढ़ लाख की नकदी और चार लाख के मोबाइल लूट ले गए। पुलिस शोरूम में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने लूट की वारदात को चोरी में दर्ज किया है।
भूपेंद्रपुरी निवासी नवीन गुप्ता का बस स्टैंड के पास मोबाइल शोरूम है। शोरूम की एक दीवार गिन्नी देवी मोदी डिग्री कालेज से सटी है और साथ में कालेज का गेट है। बृहस्पतिवार रात कालेज का चौकीदार रूप किशोर ड्यूटी पर था।
उसने बताया कि रात करीब पौने तीन बजे कालेज के खेल मैदान की दीवार फांद कर चार नकाबपोश बदमाश उसके पास आए। बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे पीटा और बाद में एक कपड़े से उसके हाथ पैर बांधकर बंधक बना लिया।
इसके बाद बदमाश नवीन गुप्ता की शोरूम में सेंध लगाकर अंदर घुस गए और लूटपाट की। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह उसने खुद बंधन मुक्त किया और कालेज प्राचार्य को वारदात की सूचना दी।
प्राचार्य की सूचना पर नवीन गुप्ता गुप्ता पुलिस के साथ शोरूम पर पहुंचे। पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे को कब्जे में ले लिया। नवीन गुप्ता के मुताबिक बदमाश उनके शोरूम से चार लाख के करीब 40 मोबाइल और डेढ़ लाख की नगदी ले गए हैं।
उधर, कोतवाली प्रभारी ध्रुव नारायण दूबे का कहना है कि तीन सालों के भीतर इस शोरूम में यह यह तीसरी चोरी की वारदात है। उन्होंने लूट से इंकार कर वारदात को चोरी में दर्ज किया है।