मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार को एक ऑटो चालक की बदसलूकी उसके लिए भारी पड़ गई। स्कूटी सवार भाई-बहन ने उसकी जमकर धुनाई की। मामला सिर्फ इतना था कि ऑटो चालक ने भाई-बहन की स्कूटी में टक्कर मार दी थी और माफी मांगने के बजाय बदसलूकी पर उतर आया था।
सेक्टर-4 निवासी एक युवक अपनी बहन के साथ स्कूटी पर दोपहर साढ़े 12 बजे घर लौट रहा था। वैशाली मेट्रो स्टेशन के पास जाम देखकर उसने स्कूटी सड़क किनारे रोक दी। इतने में आगे खड़े ऑटो चालक ने ऑटो बैक कर दिया।
भाई-बहन ने काफी शोर मचाया, लेकिन ऑटो चालक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इसके बाद ऑटो चालक गलती मानने की बजाय दोनों से भिड़ गया और गाली-गलौच करने लगा। विरोध करने पर ऑटो चालक ने रॉड निकाल ली और युवती की ओर दौड़ा।
हिम्मत दिखाते हुए युवती ने रॉड छीन ली। इसके बाद भाई-बहन ने मिलकर ऑटो चालक को जमकर धुना। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने जैसे-तैसे ऑटो चालक को बचाया। थाना इंदिरापुरम एसएचओ ने बताया कि मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।