लालकुआं के पास जीटी रोड पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार लग्जरी कार की टक्कर से वैन पलट गई, जिसमें सवार माही (7) और उसकी दादी कमला (50) की मौत हो गई। चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। परिवार होली मनाने विजयनगर से सिकंदराबाद जा रहा था। घायलों को कोलंबिया एशिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वैन सवार दीपक ने बताया कि वह सिकंदराबाद के पसौटा गांव के रहने वाले हैं। बागू स्थित खैराती नगर में परिवार के साथ रहते हैैं। नोएडा स्थित एक कंपनी में नौकरी करते हैं। वह मां कमला, पिता कृष्णपाल, पत्नी काजल और दो बच्चे माही और गगन के साथ गांव में होली मनाने के लिए किराए की वैन में जा रहे थे।
वैन चालक जब लालकुआं के पास एनएच-24 से जीटी रोड की ओर जा रही सड़क पर जा रहा था, तो ढलान पर पीछे से आई तेज रफ्तार लग्जरी कार ने वैन में टक्कर मार दी। वैन दो पलटियां खाईं, जिससे माही और मां कमला के सिर में गंभीर चोट आई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने घायलों को कार से निकाला, कंट्रोल रू म पर हादसे की सूचना दी। कविनगर पुलिस ने घायल दीपक, काजल, कृष्णपाल, वैन चालक और गगन को कोलंबिया अस्पताल पहुंचाया। काजल और कृष्णपाल अस्पताल में भर्ती हैं, अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
एसएचओ कविनगर अशोक सिसौदिया ने बताया कि आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।