यूपी 100 योजना करेगी जिले में काम
- फोटो : अमर उजाला
जिले में शनिवार से लोगों की सुरक्षा के लिए यूपी-100 की 64 पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) सड़कों पर दौड़ने लगेंगी। शनिवार रात आठ बजे से यह सेवा शुरू हो जाएगी। 100 नंबर पर पुलिस को कॉल करने पर अब कॉल सीधे लखनऊ जाएगी और वहां से गाजियाबाद पुलिस के पास कॉल डायवर्ट की जाएगी।
लखनऊ में शिकायत करने के बाद यूपी-100 में लगे जीआईएस और जीपीएस सिस्टम के आधार गाजियाबाद में तैनात पीआरवी को मौके पर भेजा जाएगा। चुनाव आचार संहिता लगने के कारण दिसंबर के आखिरी सप्ताह में ही यूपी-100 का एसएसपी दीपक कुमार और कई सपा नेताओं ने औपचारिक उद्घाटन कर दिया था।
यूपी-100 अमेरिकन पुलिस सिस्टम 911 के तर्ज पर तैयार किया गया है। वर्तमान में जिले में चल रहीं 75 पीसीआर के साथ 64 पीआरवी भी लोगों की सुरक्षा में रहेंगी। एक पीआरवी में तीन पुलिसकर्मी तैनात होंगे।
इनमें एक चालक, एक कांस्टेबल और एक हेड कांस्टेबल होगा। पीआरवी के सिस्टम में गाजियाबाद की एक लाख लोकेशन को फीड किया गया है। इनमें मंदिर, मस्जिद, चौक, गिरजाघर, तिराहा, टावर, चौराहे, मूर्ति या प्रसिद्ध स्थान शामिल हैं।
आधुनिक उपकरणों से लैस होगी पीवीआर
एसपी कंट्रोल रूम एके पांडे ने बताया कि सभी पीआरवी आधुनिक उपकरणों से लैस होंगी। इसमें लाउड हेलर, स्टॉपर से लेकर फर्स्ट एड किट भी शामिल होगी।