रामपार्क एक्सटेंशन कालोनी में बुधवार रात एक मकान में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक का शव कमरे के बेड पर पड़ा हुआ था। पुलिस मकान का दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
पुलिस के मुताबिक युवक के शरीर पर किसी तरह के चोट का निशान नहीं मिला है। हालांकि उसके पास से एक कफ सीरप की खाली बोतल मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह सामने आएगी।
रामपार्क कालोनी निवासी अंकित (22) पिता की मौत के बाद से उनका बंगाली क्लीनिक संभाल रहा था हालांकि उसके पास मेडिकल की डिग्री नहीं थी। बुधवार को अंकित घर पर अकेला ही था। पड़ोसियों के मुताबिक शाम करीब चार बजे वह कहीं से घर आया और उसके बाद से घर के बाहर नहीं निकला।
रात करीब आठ बजे कुछ लोग अंकित से मिलने आए लेकिन काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। पड़ोसियों ने पुलिस को मामले की सूचना दी।
पुलिस दरवाजा तोड़कर जब मकान के अंदर घुसी तो अंकित का शव कमरे के बेड पर पड़ा मिला। सीओ अनिल यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।