कानपुर-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस पर बृहस्पतिवार को अलीगढ़ के पास असामाजिक तत्वों ने पत्थर मारे। हादसे में ट्रेन के शीशे टूट गए लेकिन गनीमत रही कि यात्रियों को चोटें नहीं आई।
एक यात्री ने रेल मंत्रालय के ट्वीटर हैंडल पर ट्वीट किया तो आरपीएफ अफसर तुरंत हरकत में आए। गाजियाबाद स्टेशन पर ट्रेन को अटेंड कर यात्रियों से पूछताछ की गई।
मामला बृहस्पतिवार सुबह का है।
कानपुर से चलकर शताब्दी एक्सप्रेस अलीगढ़ के पास पहुंची तो कुछ लोगों ने उस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने इसकी सूचना ट्रेन स्टाफ को दी।
पंकज गुलाटी नाम के यात्री ने तत्काल रेल मंत्रालय के ट्वीटर हैंडल पर इसकी सूचना दी। इस पर आरपीएफ के अफसरों में भी हड़कंप मच गया। दिल्ली से आरपीएफ के सीनियर अफसरों ने गाजियाबाद आरपीएफ इंस्पेक्टर को सूचना देकर ट्रेन अटेंड करने के निर्देश दिए। ट्
रेन के गाजियाबाद पहुंचने पर आरपीएफ अधिकारी मौके पर पहुंचे और यात्रियों से पूछताछ की। आरपीएफ इंस्पेक्टर मोहम्मद असलम का कहना है कि किसी असामाजिक तत्वों ने एक पत्थर फेंक दिया था। इससे ट्रेन के सी-11 कोच का शीशा चटक गया था। उन्होंने बताया कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है।