पूजा कालोनी में मंगलवार को आयोजित बजरंग दल और भाजपा की महापंचायत सफल नहीं हो सकी। महापंचायत में शामिल होने जा रहे सरधना विधायक संगीत सोम को पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। बजरंग दल के प्रदेश संयोजक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, तो उनके समर्थकों ने रोड जाम कर हंगामा किया।
बाद में पुलिस धारा 144 का उल्लंघन करने पर भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष और बजरंग दल के प्रदेश संयोजक समेत 16 लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस लाइंस ले गई, जिन्हें करीब छह घंटे बाद मुचलके भरवा कर छोड़ दिया गया।
27 नवंबर को पूजा कालोनी निवासी देवेंद्र कश्यप और उनके परिवार के साथ दूसरे समुदाय के लोगों ने नमस्ते न करने पर मारपीट की थी। दो दिन बीतने के बावजूद पुलिस ने पीड़ित परिवार की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
घटना की जानकारी मिलने पर 30 नवंबर को भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष और उनके समर्थकों ने ट्रॉनिका सिटी थाने का घेराव किया था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पक्ष के खिलाफ हत्या की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज की थी।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुस्ता चौकी इंचार्ज संजय यादव ने आरोपी पक्ष से साठगांठ कर धाराएं हल्की कर दी थीं, जिससे आरोपी पक्ष को कोर्ट से जमानत मिल गई। आरोपियों के डर से पीड़ित परिवार घर छोड़कर टीला शहबाजपुर गांव में छिप कर रह रहा है।
पीड़ित परिवार के पक्ष में बजरंग दल नगर अध्यक्ष नीरज मावी और विकास मावी ने मंगलवार को पूजा कालोनी में महापंचायत का एलान किया था।पंचायत में सरधना विधायक संगीत सोम, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष नंद किशोर गुर्जर और बजरंग दल के प्रदेश संयोजक बलराज डूंगर को आना था।
इसे लेकर पुलिस अलर्ट थी। बड़ी संख्या पुलिस बल तैनात किया गया था। साथ ही वीडियोग्राफी भी कराई जा रही थी। नंद किशोर गुर्जर और बलराज डूंगर महापंचायत में शामिल होने पहुंच गए थे,धारा-144 लगी होने के कारण ट्रॉनिका पुलिस ने महापंचायत में शामिल होने के लिए आए लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस लाइंस ले गई।
हालांकि इस दौरान बजरंग दल के मंडल अध्यक्ष को पुलिस ने हिरासत में लिया, तो उनके समर्थकों ने करीब 10 मिनट तक रोड जाम कर हंगामा किया। दूसरी तरफ, महापंचायत में शामिल होने जा रहे संगीत सोम की जैसे ही पुलिस को सूचना मिली तो सीओ इंदिरापुरम ने उन्हें टीला मोड़ पर ही रोक लिया।
सूत्रों ने बताया कि रास्ते में रोके जाने पर संगीत सोम ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वह पीड़ित देवेंद्र कश्यप के परिवार से मिलना चाहते हैं। सीओ ने उनसे कहा कि वह पीड़ित परिवार को इंदिरापुरम थाने पर ही बुला देते हैं। इस पर संगीत सोम ने सीओ से कहा कि वह एसएसपी के सामने ही पीड़ित परिवार से मिलेंगे।
इसके बाद संगीत सोम दोपहर करीब 12 बजे एसएसपी आवास पर गए और एसएसपी दीपक कुमार से मिले। उन्होंने एसएसपी से कहा कि देवेंद्र मामले में पुलिस निष्पक्ष जांच करे इस मामले में चौकी इंचार्ज ने सही कार्रवाई नहीं की है।
इसके अलावा उन्होेंने एसएसपी से कहा कि इस केस की जांच सीओ लोनी से बदलकर सीओ इंदिरापुरम को दे दी जाए। इसके बाद कप्तान ने कहा कि चौकी इंचार्ज पुस्ता को लाइन हाजिर कर दिया गया है और जांच सीओ इंदिरापुरम को सौंप दी है।
वहीं, बजरंग दल के प्रदेश संयोजक ने कहा कि अगर अगर पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो वह गाजियाबाद के साथ-साथ पूरे प्रदेश में आंदोलन करेंगे।