अलग-अलग हादसों में मंगलवार को बुजर्ग और महिला और दो बच्चे घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छावनी थानाक्षेत्र के विक्रमजोत बाजार स्थित डाकबंगले के पीछे सफाई कर रहे बुजुर्ग पर सांड़ ने हमला करके घायल कर दिया। हादसे में 60 वर्षीय विजय बहादुर गंभीर रुप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह सांड़ को वहां से भगाया। घायल को एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया जहां हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय फैजाबाद रेफर कर दिया गया। बताते चलें , नगर थानाक्षेत्र के खड़ौंआ जाट, करहली, बिरऊपुर, लखनहट आदि गांवों में सांड़ का आतंक काफी समय से है। क्षेत्र के करीब दर्जन भर से अधिक लोग सांड़ के हमले से घायल हो चुके हैं। क्षेत्रीय लोगों ने आवारा पशुओं से निजात की मांग की है।
वहीं दूसरा हादसा हाइवे पर छावनी क्षेत्र के कवलपुर स्थित एक ढाबे के सामने हुआ। यहां पर सड़क पार कर रही महिला व उसके दो बच्चों को एक बाइक ने अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें विमला, कविता व रिचा घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी विक्रमजोत में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।