शिप्रा सनसिटी फेज-1 में चोरों ने शनिवार रात सॉफ्टवेयर इंजीनियर के फ्लैट के पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर लाखों का माल उड़ा लिया। इंजीनियर परिवार के साथ शिप्रा रिवेरा सोसायटी में माता के कीर्तन में गए थे। इलाके में चार दिन में चार चोरियां की वारदात से लोगों में पुलिस के खिलाफ गुस्सा है।
शिप्रा सनसिटी फेज-1 में टीके कुलश्रेष्ठ के फ्लैट संख्या-464 में शुभम त्रिपाठी पत्नी और बच्चों के साथ रहते हैं। शुभम लक्ष्मी नगर दिल्ली की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। एक सप्ताह पहले ही वह परिवार के साथ फ्लैट में रहने आए हैं।
शनिवार शाम को वे परिवार के साथ शिप्रा रिवेरा सोसायटी में कीर्तन में शामिल होने गए थे। देर रात घर लौटे तो फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। पिछले गेट पर गए तो उसका ताला टूटा था। अंदर सारा सामान बिखरा था।
उन्होंने बताया कि चोर बेडरूम की आलमारी का लॉक तोड़कर करीब ढाई लाख की ज्वैलरी, कैश, टीवी, दो लैपटॉप समेत दस्तावेज ले गए। एसओ इंदिरापुरम ने बताया कि घर के पीछे की ग्रीन बेल्ट पर ही सिलेंडर मिल गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही चोरों को दबोच लिया जाएगा। फ्लैट के सामने प्रेस करने वाले युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
चार दिन में चौथी वारदात
आरडब्ल्यूए पदाधिकारी मुकेश शर्मा ने बताया कि बीते बृहस्पतिवार को सोसायटी में ही रहने वाले नीरज राय और दो लोगों के घर चोरी को अंजाम दिया गया था। मामले की शिकायत चौकी शिप्रा में की गई, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठे है। शुभम के अनुसार सूचना पर पहुंची पीसीआर ने उनकी पत्नी से बदतमीजी की। हालांकि आरडब्ल्यूए के विरोध के बाद पुलिसकर्मियों ने उनकी शिकायत ली।
रिटायर्ड आईएएस के घर लाखों की चोरी
नीति खंड- 2 निवासी रिटायर्ड आईएएस के घर का ताला तोड़ चोरों ने दो दिन में दो बार चोरी कर डाली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। नीति खंड-2 स्थित प्लॉट संख्या-145 में नरेश चतुर्वेदी पत्नी रेखा के साथ रहते हैं।
वह बंगाल कैडर के रिटायर्ड आईएएस हैं और केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के एडिशन सेक्रेटरी और फाइनेंस एडवाइजर जैसे पदों पर रह चुके हैं। फिलहाल वह इंडियन ऑयल कार्पोरेशन में डायरेक्टर हैं।
बीती 27 सितंबर को पत्नी रेखा उनसे मिलने कलकत्ता गई थीं। शनिवार को लौटीं तो घर का ताला टूटा था। अंदर सारा सामान बिखरा था। चोर घर से कीमती घड़ियां, लैपटॉप, इनवर्टर समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी।
रेखा के अनुसार शनिवार को वह घर के पास ही रहने वाली बेटी के फ्लैट पर गई थीं। सुबह लौटीं तो एक बार फिर फ्लैट का ताला टूटा था। चोर अंदर से इनवर्टर और अन्य सामान ले गए थे।
एसओ शीलेश यादव ने बताया कि शिकायत लेकर चोरों की तलाश की जा रही है। घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
तीन माह पहले भी हुई थी चोरी
रिटायर्ड आईएएस के अनुसार तीन माह पहले भी चोरों ने उनके फ्लैट को निशाना बनाते हुए लाखों का माल उड़ा लिया था। चोर लगातार चोरी कर रहे हैं, मगर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।