पॉश कालोनी राजनगर सेक्टर-6 में कनपटी पर गोली लगने से स्टील कारोबारी की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। गोली ससुर के लाइसेंसी रिवाल्वर से चली है। कविनगर पुलिस रिवाल्वर कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। ससुराल वाले इसे आत्महत्या बता रहे हैं।
मृतका मधुलिका (28) पत्नी भूपेंद्र पांडे निवासी आर-6/226 राजनगर थीं। भूपेंद्र अपने पिता राम नक्षत्र पांडे के साथ अर्थला में स्टील स्ट्रक्चर की फैक्ट्री चलाते हैं। राम नक्षत्र मूलरूप से गोरखपुर शहर के रहने वाले हैं।
गाय घाट बनारस निवासी उमानाथ चौबे की बेटी मुधलिका की शादी 24 जनवरी 2014 को हुई थी। सीओ सेकेंड मनीष मिश्र ने बताया कि परिवारवालों ने पुलिस को सूचना नहीं दी थी। पुलिस को रविवार शाम करीब छह बजे यशोदा अस्पताल से आए मीमो से घटना के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।
बकौल सीओ, पुलिस पूछताछ में मधुलिका के पति भूपेंद्र ने बताया कि शुक्रवार से दोनों में खाना बनाने को लेकर कहासुनी हो रही थी। वह उसके हाथ का खाना खाना चाहता था, जबकि मधुलिका होटल से खाना मंगवाने की बात कर रही थी।
इसी कारण दोनों ने दो दिनों से खाना नहीं खाया था। घरवालों को लग रहा था कि दोनों ने नवरात्र का व्रत रख रखा है। शाम को फिर उनमें कहासुनी हुई। इसके बाद करीब साढ़े चार बजे मधुलिका घर के मंदिर वाले कमरे में गईं और अंदर से कुंडी लगाकर शोकेस में रखी रिवाल्वर से दाईं कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
गोली की आवाज सुनकर वह पिता के साथ वहां पहुंचे और कमरे का गेट तोड़ा तो मधुलिका लहूलुहान हालत में बेड पर पड़ी थीं। गंभीर हालत में उन्हें यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीओ ने बताया कि मधुलिका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके गाजियाबाद आने का इंतजार है। मधुलिका के परिजनों ने फोन पर बताया कि मधुलिका ने वाराणसी से मनोविज्ञान में एमए किया था।
उनका भाई मनीष बंगलूरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। मधुलिका जब छोटी थीं, तभी उनके पिता उमानाथ चौबे की मृत्यु हो गई थी। कोयला कारोबारी चाचा रामनाथ चौबे ने मधुलिका का पालन पोषण किया था। उन्होंने बताया वह गाजियाबाद के लिए चल दिए हैं।
पौने तीन साल बाद भी बच्चा न होने से थी डिप्रेशन में!
मधुलिका के ससुराल वालों ने पुलिस को बताया कि शादी के करीब पौने तीन साल बाद भी बच्चा न होने से भी मधुलिका डिप्रेशन में रहती थीं। इसी बात को लेकर दंपति में दो माह से विवाद चल रहा था।
बेड में मिलीं बीयर की कई केन
घटना के बाद घर में सुसाइड नोट तलाश रही पुलिस को बेड से बियर की कई केन मिलीं। कविनगर पुलिस का मानना है कि हो सकता बियर और शराब पीने की बात पर भी दोनों में झगड़ा होता हो।