एनआरएचएम घोटाले में लंबे समय से फरार चल रहे यूपी के पूर्व ज्वाइंट डायरेक्टर हेल्थ पवन कुमार श्रीवास्तव सरेंडर अर्जी दाखिल करने के बाद भी बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश नहीं हुए। दोपहर को लंच बाद विशेष न्यायाधीश पवन कुमार तिवारी ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार किए जाने के मौखिक आदेश सीबीआई को दिए।
डा. पवन कुमार श्रीवास्तव यूपी के ज्वाइंट डायरेक्टर हेल्थ के पद पर तैनात रहे थे। एनआरएचएम घोटाले के एक मामले में सीबीआई ने उनके खिलाफ भी कोर्ट में चार्जशीट पेश की थी। इसके बावजूद आरोपी जेडी कोर्ट में पेश नहीं हो रहे थे।
पिछली तारीख पर सीबीआई कोर्ट ने आरोपी जेडी के खिलाफ गैर जमानती वारंट और 82 की कार्रवाई के आदेश दिए थे। बृहस्पतिवार को जेडी पवन कुमार श्रीवास्तव के अधिवक्ता ने कोर्ट में उनकी सरेंडर अर्जी दाखिल की। इस पर कोर्ट ने अर्जी पर उनका फोटो लगाने और उसे सत्यापित कराने को कहा।
कुछ देर बाद डिफेंस की ओर से अर्जी पर आरोपी का फोटो और उसका सत्यापन भी करा दिया गया। विशेष न्यायाधीश ने आरोपी को कोर्ट में पेश किए जाने की बात कही।
बताया जाता है कि इस दौरान आरोपी पूर्व जेडी कोर्ट के नीचे ही खड़े थे मगर कोर्ट में पेश होने की बात पर वह वहां से चले गए। डिफेंस की ओर से कोर्ट में बताया गया कि किसी कारणवश वह अपने मुव्वकिल को शुक्रवार को कोर्ट में सरेंडर करेंगे।