प्रापर्टी विवाद से तंग एक मेडिकल स्टोर संचालक ने बुधवार रात अपने घर में ही तमंचे से खुद को गोली मारकर जान देने की कोशिश की। गंभीर हालत में उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसएचओ साहिबाबाद धीरेंद्र यादव ने बताया कि लाजपतनगर बी ब्लाक में तरुण गुप्ता परिवार के साथ रहते हैं। वह पास ही में अपना मेडिकल स्टोर चलाते हैं। बुधवार देर रात करीब 11 बजे वह घर पहुंचे और अपने कमरे में जाकर खुद को गोली मार ली। गोली चलने तरुण जमीन पर गिरे पड़े थे।
उनके सिर से खून बह रहा था। परिजन उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले गए। यहां से गंभीर हालत के चलते डाक्टरों ने उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसएचओ साहिबाबाद ने बताया कि मामले में परिजनों से कोई शिकायत नहीं मिली है।
हालांकि जांच में सामने आ रहा है कि एक प्लाट को लेकर उनका किसी से विवाद चल रहा था। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से तहरीर दी जाती है तो कार्रवाई होगा। तरुण की हालत नाजुक बनी हुई है।