फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘कब्जामुक्त’ हुआ जीडीए वीसी का आवास

Thu, 01 Jun 2017 11:15 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो गाजियाबाद
विज्ञापन
जीडीए - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
करीब दो साल बाद आखिरकार जीडीए वीसी का सरकारी आवास ‘कब्जा मुक्त’ हो गया। जीडीए के पूर्व अध्यक्ष और सीनियर आईएएस संतोष यादव इस बंगले में करीब पांच साल से रह रहे थे। दो साल पहले ट्रांसफर होने के बावजूद उन्होंने इस सरकारी बंगले को खाली नहीं किया।
विज्ञापन


इस वजह से उनके बाद आए जीडीए वीसी विजय यादव को अपना पूरा कार्यकाल गाजियाबाद में किराए के मकान में ही काटना पड़ा। बंगले को अब नवनियुक्त वीसी कंचन वर्मा के रहने के लिए तैयार किया जा रहा है।

करीब दो साल पूर्व सपा शासन ने जीडीए अध्यक्ष एवं वरिष्ठ आईएएस अफसर संतोष यादव का ट्रांसफर मुख्यमंत्री सचिव के पद पर कर दिया था और जीडीए वीसी के रूप में यहां विजय यादव को तैनाती दी गई, मगर उन्हें सरकारी आवास नहीं मिल सका। दरअसल, संतोष यादव ने सरकारी आवास खाली नहीं किया।
विज्ञापन


इस कारण पूर्व वीसी विजय यादव लगभग दो साल के अपने पूरे कार्यकाल में राजनगर स्थित एक किराए के मकान में ही रहे। खास बात यह है कि इन दो सालों के दौरान आईएएस संतोष यादव का शासन ने सात बार ट्रांसफर किया मगर उन्होंने गाजियाबाद वीसी का सरकारी बंगला नहीं छोड़ा।

सबसे पहले जीडीए से हटाकर संतोष यादव को सीएम का सचिव बनाया गया। इसके बाद वहां से उन्हें यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण भेजा गया। वहां से उन्हें दिल्ली में एडिशनल रेजिडेंट कमिश्नर नियुक्त किया गया। इसके कुछ ही माह बाद उन्हें नोएडा-मेट्रो रेल कारपोरेशन में भेज दिया गया।

तबादले का यह सफर यहां भी नहीं रुका। एनएमआरसी से संतोष यादव को हटाकर उन्हें प्रतीक्षारत कर दिया गया। इसके बावजूद उन्होंने जीडीए वीसी का सरकारी आवास नहीं छोड़ा। भाजपा सरकार में अब उन्हें महिला कल्याण विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है।

पिछले दिनों वीसी विजय यादव को हटाकर लेडी आईएएस कंचन वर्मा को जीडीए वीसी नियुक्त किया गया। लेडी आईएएस की तैनाती हो जाने के बाद भी करीब डेढ़ माह बाद अब जीडीए वीसी का सरकारी बंगला खाली हुआ है। पता चला है कि यहां कब्जा जमाए आईएएस संतोष यादव ने अब राजनगर में ही किराए पर मकान लिया है।

फिलहाल वीसी के सरकारी बंगले पर रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। जीडीए वीसी कंचन वर्मा का कहना है कि अगले कुछ ही दिनों में वह सरकारी बंगले में शिफ्ट हो जाएंगी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें