फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैसा अलर्टः कांबिंग करती रही पुलिस, भाग निकले शूटर

Sat, 13 Aug 2016 01:17 AM IST
ब्यूरो,अमर उजाला मोदीनगर/मुरादनगर
विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मुरादनगर में सरेशाम हुए शूटआउट में पुलिस की घोर लापरवाही नजर आ रही है। हाईवे पर चेकिंग करती रही पुलिस और हमलावर खेतों से भाग गए। इतना ही नहीं हाथों में आए हमलावर मोदीनगर पुलिस को चकमा देकर निकल गए। हमलावर मुरादनगर और निवाड़ी पुलिस की चेकिंग की पोल खोलते हुए फॉर्च्यूनर से नौ किलोमीटर दूर मोहम्मदपुर कदीम मार्ग पर भी पहुंच गए।
विज्ञापन


लोगों का कहना है कि केवल हाइवे पर चेकिंग अभियान चलाकर हमलावरों की खोजबीन में लगी पुलिस भूल गई कि अक्सर शूटर वारदात को अंजाम देने के बाद जंगल और खेत की ओर फरार होते हैं।बृहस्पतिवार रात 7:20 पर भाजपा नेता ब्रजपाल तेवतिया, उनके गनर और उनकी स्कार्पियो में सवार लोगों को मुरादनगर के रावली रोड पर गोली मारी गई।

पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही पांच मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। लोगों की मानें तो हाइवे से सटे रावली मोड और सामने बिजली घर पर हमेशा पुलिस हाइवे पर तैनात रहती है और घटनास्थल रावली मोड़ से करीब 600 मीटर की दूरी पर है। लोगों का कहना है कि हमले के दौरान करीब 100 राउंड गोलियां चलीं। मगर जिप्सी में बैठी पुलिस को पता नहीं लग सका।
विज्ञापन


इतना ही नहीं निवाड़ी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कदीम गांव मार्ग पर जिस प्रकार हमलावरों की फॉर्च्यूनर बरामद हुई है, इससे पता चलता है कि फॉर्च्यूनर रावली मोड़ से गंगनहर पुलिस के पास से होते हुए गंगनहर कांवड़ मार्ग के रास्ते मोहम्मदपुर कदीम पहुंची होगी  कार के मोहम्मदपुर कदीम मार्ग पर फंसने के बाद हमलावर बैग में हथियार भरकर खेतों के रास्ते पैदल हाइवे पर पहुंचे होंगे।

जहां दो हमलावर बैग लेकर ऑटो में सवार हो गए। एक बार फिर पुलिस को हमलावरों को पकड़ने का मौका मिला। मगर मोदीनगर पुलिस को चकमा देकर हमलावर गोली चलाते हुए खेतों से भाग गए। खास बात यह है कि वारदात के वक्त एसएसपी केएस इमेनुएल, एसपी देहात राकेश पांडेय मोदीनगर कोतवाली में थे। इसके बावजूद हमलावर भाग गए। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते सक्रियता से कार्रवाई करती तो हमलावर पुलिस की गिरफ्त में होते।   

गार्ड की तहरीर पर अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज
भाजपा नेता ब्रजपाल तेवतिया पर हुए हमले में एक नहीं बल्कि दो फॉर्च्यूनर कारों का इस्तेमाल हुआ था। शुक्रवार शाम भाजपा नेता के प्राइवेट गार्ड ने दो फॉर्च्यूनर में सवार आठ-दस अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। गार्ड का कहना है कि पहले हमलावरों ने तेवतिया की स्कार्पियो पर अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं।

गौतमबुद्धनगर जारचा के छायसा गांव निवासी मोहकम सिंह गाजियाबाद कविनगर आरएच 98 निवासी ब्रजपाल तेवतिया का प्राइवेट गार्ड है। जब तेवतिया की कार पर हमला हुआ मोहकम सिंह पीछे वाली स्कार्पियो में सवार था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि बृहस्पतिवार शाम करीब सवा सात बजे वह मुरादनगर कस्बे से गाजियाबाद के लिए लौट रहे थे। तेवतिया की स्कार्पियो आगे थी, जिसमें तेवतिया के साथ चालक मोहन, इंद्रपाल, अशोक और रामपाल यादव सवार थे।

जबकि पीछे वाली स्कार्पियो में मोहकम सिंह, गनर विपिन, सुशील और चालक बबलू था। टेलीफोन एक्सचेंज के पास अचानक फॉर्च्यूनर में सवार सात-आठ हमलावरों ने ब्रजपाल तेवतिया की कार घेर ली और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

इस बीच जब बचाव में पीछे वाली स्कार्पियो से गोली चली तो हमलावरों ने उस कार पर भी गोलियां बरसा दीं और मुरादनगर की ओर फरार हो गए। आनन-फानन में ब्रजपाल तेवतिया को गाजियाबाद अस्पताल में पहुंचाया गया। एसओ मुरादनगर सुबोध सक्सेना ने बताया कि गार्ड की तहरीर पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।     

ये हैं छह घायल
भाजपा नेता ब्रजपाल तेवतिया निवासी कविनगर गाजियाबाद, रामपाल यादव प्राइवेट गनर निवासी एटा, अशोक प्राइवेट गनर नगला सखी फरिहा जिला फिरोजाबाद, मोहकम सिंह गार्ड निवासी छायसा जारचा गौतमबुद्धनगर, विपिन प्राइवेट गनर निवासी लेथरा कांठ शाहजहांपुर गोली लगने से घायल हैं। इनमें से ब्रजपाल, रामपाल, अशोक नोएडा फोर्टिस और मोहकम, इंद्रपाल, विपिन गाजियाबाद सर्वोदय नगर अस्पताल में भर्ती हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें