चार माह पहले मर चुके पति की हत्या की आशंका जताने पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव कब्र से निकलवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी ने कोर्ट में गुहार लगाई थी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने डाबर तालाब कालोनी स्थित कब्रिस्तान से मृतक रमजान का शव निकलवाया।
बता दें कि करीब चार महीने पहले गिरी मार्केट निवासी पहली पत्नी के घर पर रमजान की मौत हो गई थी। इसके बाद पहली पत्नी के परिजनों ने उनको दफना दिया था। पहली पत्नी के मौत के बाद रमजान दूसरी पत्नी के साथ अशोक विहार कालोनी निवासी में रहते थे।
दूसरी पत्नी सईदा ने हत्या की आशंका जताई थी। सईदा का कहना था कि मूल रूप से राजस्थान निवासी रमजान की राजस्थान में 20 बीघा जमीन थी, जिस पर केस चल रहा था। कुछ समय पहले केस का फैसला आने पर उन्हें 48 लाख रुपये का मुआवजा मिला।
राजस्थान से मुआवजे की रकम लेकर वह उसके पास आने की बजाय पहली पत्नी के घर चले गए। जहां गत 11 मार्च को उनकी मौत हो गई। पहली पत्नी के घरवालों ने उन्हें बिना बताए रमजान को डाबर तालाब कालोनी के कब्रिस्तान में दफना दिया। शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया।
इस पर सईदा ने छह लोगों पर रमजान की हत्या करने की आशंका जताते हुए कोर्ट से न्याय की गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर अलीम शाह, मोमिन, सलीम, गुल्लू, हनीफ और खुर्शीदा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराने का भी निर्देश दिया गया।
सीओ लोनी अनिल यादव ने बताया कि घटना की सत्यता की जानकारी के लिए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद कोर्ट के आदेशानुसार जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कोर्ट के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को कब्र से निकालने की कार्रवाई एसडीएम हनुमान प्रसाद मौर्या, सीओ अनिल यादव, एसओ एपी सिंह समेत पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।