महागुनपुरम सोसायटी के रेजिडेंट्स ने रविवार को एसएचओ कविनगर को अपनी समस्याएं बताईं। कहा कि पुलिस क्षेत्र में गुंडागर्दी खत्म करे और मनचलों को सबक सिखाए।
रेजिडेंट्स ने कहा कि सोसायटी में गुंडों, शराबियों और मनचलों का आतंक है। पुलिस उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
साथ ही उन्होंने गलत दस्तावेजों के साथ फ्लैट किराए पर देने वाले प्रॉपर्टी डीलर्स के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई करने की अपील की। एओए उपाध्यक्ष गौरव द्विवेदी ने बताया कि महागुनपुरम निवासी गुंडों के आतंक से काफी समय से परेशान हैं। मनचलों की हरकतों से सोसायटी की महिलाएं भयभीत हैं।
कविनगर एसएचओ ने उन्हें जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर उत्तम सिंह राणा, गौरव रघुवंशी, अरविंद मौर्या, अभिनव त्यागी, आंचलिक त्यागी समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे। बता दें कि आठ और नौ फरवरी को कुछ गुंडों ने सोसायटी में जमकर हंगामा किया था।
इसके बाद रेजिडेंट्स ने विधानसभा चुनाव के सामूहिक बहिष्कार का फैसला लिया था। हालांकि रविवार को डीएम निधि केसरवानी और एसएसपी दीपक कुमार के कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों ने वोट किया था।