टीएचए में लूट की घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। बदमाशों ने 48 घंटे के अंदर दूसरी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। लिंक रोड स्थित बीकानेर कट पर बृहस्पतिवार रात को बाइक सवार बदमाशों ने दवा कारोबारी को तमंचे के बल पर लूट लिया।
बदमाश उससे सोने का कड़ा, अंगूठी, और चेन लूट ले गए। व्यापारी एक शादी समारोह में मेरठ से हिस्सा लेने आए थे। वह बीकानेर कट पर अपने रिश्तेदार का इंतजार कर रहे थे।
मेरठ निवासी मोहक जैन दवा कारोबारी हैं।
लिंक रोड स्थित अमन गार्डन मैरिज हॉल में उनके रिश्तेदार की शादी थी। वह उसमें हिस्सा लेने मेरठ से आए थे। रात करीब दस बजे उनके एक अन्य रिश्तेदार का फोन आया कि वह मैरिज हॉल के बाहर उनका इंतजार करें।
दोनों साथ ही शादी में चलेंगे। वह बीकानेर कट पर रिश्तेदार का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच बाइक पर दो युवक आए। उन्होंने उनसे नोएडा सेक्टर-62 का रास्ता पूछा, उन्होंने यहां पर नया होने की बात कही।
इसके बाद एक बदमाश बाइक से उतरा और उनके पेट में तमंचा लगा दिया। बदमाश ने शोर मचाने पर उन्हें गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश उनसे सोने का कड़ा, अंगूठी और चेन लूटकर मोहन नगर की तरफ भाग निकले।
एएसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत मिली है। घटनास्थल के आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है।
रिश्तेदार को पीछा करने का किया था इशारा
मोहक ने बताया कि जिस वक्त बदमाश भाग रहे थे उनका दोस्त आ गया। उन्होंने दोस्त को बदमाशों का पीछा करने का इशारा किया, लेकिन वह कुछ समझ नहीं पाए।
दुकान के ताले काटकर लाखों की चोरी
शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 में स्थित घड़ी और परफ्यूम स्टोर से चोर बृहस्पतिवार रात लाखों का माल ले उड़े। चोरों ने शटर के दोनों ताले काटकर वारदात की। घटना दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। तहरीर मिलने पर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
दिल्ली के कृष्णा नगर निवासी सलीम शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 सी-43 में घड़ी और परफ्यूम की दुकान चलाते हैं। बृहस्पतिवार रात वह दुकान बंद कर घर चल गए थे। जब वह सुबह दुकान पहुंचे ताले गायब थे।
अंदर से करीब 23 हजार की नगदी और करीब 3 लाख की बेल्ट, परफ्यूम, घड़ियां और अन्य सामान गायब था। शटर के दोनों ताले कटे हुए दुकान में पड़े थे। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। एएसपी आशीष श्रीवास्तव ने चोरों को जल्द दबोच लिया जाएगा।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई है। एक चोर सुबह 4:47 बजे दुकान का शटर खोलकर अंदर घुसा। इसके बाद एक के बाद एक सामान कट्टे में भरकर ले गया। करीब 10 मिनट में उसने चोरी को अंजाम दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज लेकर चोर की तलाश शुरू कर दी है।