मेरठ रोड से आगरा ले जाए जा रहे ट्रक से लाखों का पेंट और बर्तन चालक-परिचालक ने ही गायब किए गए थे। सिहानी पुलिस ने चालक को साथी समेत गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। गायब किया गया माल बरामद कर लिया गया है। हालांकि परिचालक समेत तीन आरोपी अभी फरार हैं।
पकड़े गए आरोपियों में ट्रक चालक राशिद निवासी नदायल बदायूं और आबिद निवासी निशाद बाग कालोनी अलीगढ़ हैं। एसपी सिटी सलमान ताज ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि इन्हें एक सूचना पर सिकरोड के पास से दबोचा गया।
बाद में इनकी निशानदेही पर करीब 18 लाख रुपये कीमत का पेंट और बर्तन बरामद किए गए। ट्रक का परिचालक नासिर उर्फ यामीन निवासी नदायल बदायूं, अब्दुल निवासी निशाद बाग कालोनी अलीगढ़ और आसिफ निवासी शाहीन गार्डन अलीगढ़ भागे हुए हैं।
आरोपी चालक राशिद ने बताया कि उन्हें लालच आ गया था। परिचालक नासिर उर्फ यामीन ने उससे कहा था कि वह ट्रक को लेकर डिबाई चले, जहां अब्दुल, आबिद और आसिफ मिलेंगे। तीनों इस माल को बेचकर उन्हें आधे रुपये दे देंगे।
वह ट्रक को आगरा ले जाने के बजाय अलीगढ़ देहरा बाईपास के रास्ते आसिफ के घर ले गए, जहां उन्होंने ट्रक में भरा हुआ सारा माल उतार दिया। उन पर शक न हो, इसलिए वह ट्रक को बुलंदशहर के डिबाई इलाके में खड़ा कर भाग गए थे और मोबाइल बंद कर लिए थे।
बता दें कि 26 सितंबर को चालक-परिचालक मेरठ रोड से आगरा के लिए एक ट्रक लेकर चले थे, जिसमें 13 लाख का पेंट और पांच लाख के बर्तन भरे थे, लेकिन जब ट्रक आगरा नहीं पहुंचा तो इसकी सूचना ट्रांसपोर्टर मनोज गर्ग को दी गई।
उन्होंने ट्रक मालिक राजीव कुमार से संपर्क किया। राजीव ने ट्रक में लगे जीपीएस सिस्टम के जरिए लोकेशन पता की तो खाली ट्रक लावारिस हालत में बुलंदशहर में खड़ा मिल गया था। 27 सितंबर को इस संबंध में चालक-परिचालक के खिलाफ अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।