डीएलएफ कालोनी स्थित एक रेस्टोरेंट में बृहस्पतिवार शाम पुलिस ने छापेमारी कर 11 युगलों को आपत्तिजनक हालत में गिरफ्तार किया। हालांकि सभी को थाने से ही जमानत देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। फरार रेस्टोरेंट संचालक की पुलिस तलाश कर रही है।
कुछ दिन पहले डीएलएफ कालोनी के लोगों ने पुलिस से शिकायत की थी कालोनी के एक रेस्टोरेंट में अश्लील गतिविधियां चल रही हैं। इस पर पुलिस ने बृहस्पवितार शाम सादे कपड़ों में रेस्टोरेंट में छापेमारी की तो वहां हड़कंप मच गया। छापेमारी में 11 जोड़ों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया।
इस दौरान रेस्टोरेंट संचालक मौका देखकर भाग गया। एएसपी अनूप सिंह ने बताया कि सभी युवक-युवतियों को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि उनके माता-पिता की अपील पर थाने से जमानत देकर उनके सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक युवक-युवतियों को बैठने के लिए रेस्टोरेंट में केबिन दिया जाता था, जिसके एवज में एक घंटे के 300-400 रुपये लिए जाते थे। पकड़े गए सभी युवक-युवतियां बालिग बताए गए हैं।
पुलिस की सरपरस्ती में चलते हैं रेस्टोरेंट
सूत्रों की मानें तो डीएलएफ कालोनी के अलावा शालीमार गार्डन, राजेंद्र नगर आदि इलाकों में भी कई ऐसे रेस्टोरेंट चलते हैं। इसकी शिकायत रेजीडेंट्स ने पुलिस से की थी।
रेजिडेंट्स का आरोप है कि पुलिस के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से ही रेस्टोरेंट चलाए जाते हैं। एएसपी ने बताया कि अगर किसी पुलिसकर्मी का नाम सामने आता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।