फर्रुखनगर में शुक्रवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में पांच लोगों की मौत के मामले में सीएम आदित्य नाथ योगी ने कडे़ तेवर दिखाए हैं। इस पूरे प्रकरण की रिपोर्ट खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने सीएम को फोन पर दी।
इसके बाद सीएम ने प्रशासन को फटकार लगाते हुए दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने के आदेश दिए। सीएम के इस कडे़ रुख के बाद अब जिला प्रशासन सख्त हो गया है।खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने बताया कि सीएम ने इस पूरे प्रकरण पर रिपोर्ट मांगी है।
इसके साथ ही ऐसे अफसरों पर भी गाज गिरना तय है, जोकि इस अवैध कारोबार के प्रति लापरवाही बरत रहे थे। सीएम के कडे़ तेवर के बाद प्रशासन ने फर्रुखनगर में पटाखा फैक्ट्रियों और गोदामों को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी। शनिवार को नायब तहसीलदार के नेतृत्व में 67 फैक्ट्रियों को सील भी कर दिया गया।
इससे पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया। सूत्रों की मानें तो देर रात सीलिंग की कार्रवाई को देखते हुए कुछ कारोबारियों ने राताें रात पटाखों का स्टॉक फैक्ट्री और गोदाम से निकालकर कही और शिफ्ट करा दिया।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने नवंबर 2016 को दिल्ली और एनसीआर पटाखों से बढ़ रहे प्रदूषण को देखते हुए पटाखा बनाने की फैक्ट्रियों पर रोक लगा दी थी। साथ ही सभी के लाइसेंस भी निरस्त कर दिए थे।
सोमवार से फिर सील की जाएंगी अन्य पटाखा फैक्ट्री
नायब तहसीलदार नीरज द्विवेदी ने बताया कि शनिवार को 67 पटाखा फैक्ट्रियों और गोदामों को सील किया गया था। सोमवार को फिर से अन्य फैक्ट्री और गोदामों को सील करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।