गाजियाबाद रोड पर पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर शुक्रवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लकड़ी का कारोबार करने वाले व्यापारी से 50 रुपये लूट लिए।
वारदात व्यापारी के दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात से लोगों में पुलिस के खिलाफ गुस्सा है।
मंडोली दिल्ली निवासी अंकित गोयल की गाजियाबाद रोड स्थित कस्बा पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर श्री कृष्णा ट्रेडर्स के नाम से दुकान है। शाम सात बजे वह दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इसी बीच बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें गन प्वाइंट पर ले लिया।
बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर व्यापारी 50 हजार की नगदी से भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश बाइक लहराते हुए फरार हो गए। वारदात पीड़ित व्यापारी के दुकान के बाहर लगे सीसीसटीवी में कैद हो गई है।
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सीओ अनिल यादव का कहना है कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने पहले 50 हजार रुपये और बाद में 40 रुपये लूटे जाने की बात कही है।
बैग में दुकान की चाभी भी थी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द बदमाशों को दबोचकर वारदात का खुलासा किया जाएगा। बता दें कि 13 फरवरी 2015 को व्यापारी के चाचा अनिल गोयल के साथ भी लूट की वारदात हो चुकी है। बदमाशों ने उन्हें गोली मार कर ढाई लाख रुपये लूट लिए थे।
नशे में युवक ने की फायरिंग, एक घायल
हाईवे पर थाने से कुछ मीटर की दूरी पर शुक्रवार रात एक युवक ने लाइसेंसी रिवाल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग की। एक गोली पास में काम कर रहे एक युवक को लग गई। घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि गोली चलाने वाला शराब के नशे में था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जलालपुर रोड निवासी गौरव पुत्र धर्मवीर मूलरूप से मोदीनगर चुड़ियाला का रहने वाला है। जलालपुर रोड पर वह अपनी बुआ मुकेश के यहां रहकर एक होंडा के शोरूम में मैकेनिक का काम करता है। शुक्रवार रात करीब साढ़े सात बजे गौरव शोरूम के बाहर खड़ी बाइक अंदर कर रहा था।
इसी बीच वहां शराब के नशे में धुत एक युवक ने लाइसेंसी रिवाल्वर से ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली पास काम कर रहे गौरव की जांघ में जा लगी। अचानक फायरिंग से मौके पर अफरा तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
वारदात की सूचना पुलिस कंट्रोल पर दी गई। एसओ सुबोध सक्सेना ने बताया कि मौके से ही आरोपी को हिरासत में लिया है, वह शराब के नशे में था। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।