सेक्टर-5 निवासी कॉस्मेटिक शॉप संचालक के फ्लैट में एक के बाद एक आठ ताले तोड़कर चोरों ने करीब सात लाख रुपये की चोरी कर ली। पुलिस ने शिकायत लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
वसुंधरा सेक्टर-पांच (प्लाट संख्या 1532) सेकंड फ्लोर फ्लैट निवासी राजेश कुमार, पत्नी चेतना और दो बच्चों के साथ रहते हैं। वह गाजियाबाद के तुराबनगर में कॉस्मेटिक शॉप चलाते हैं। मंगलवार सुबह दोनों बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वह पत्नी के साथ शॉप पर गए थे।
करीब दो घंटे बाद जब लौटे तो फ्लैट का ताला टूटा था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। बेडरूम की सेफ का ताला तोड़कर चोर करीब छह लाख रुपये की ज्वेलरी, 50 हजार की नगदी और अन्य सामान उड़ा ले गए थे। राजेश ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने शिकायत लेकर चोरों की तलाश शुरू की।
राजेश ने बताया कि मेन गेट पर उन्होंने तीन ताले लगाए थे। अंदर के कमरों में भी ताले लगे थे। चोरों ने फ्लैट में कुल आठ ताले तोड़े, मगर पड़ोसियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
एसएचओ इंदिरापुरम ने बताया कि शिकायत लेकर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। जांच में सामने आया है कि चोर महंगी शराब की बोतल भी चोरी कर ले गए हैं।
गौरी शंकर एंक्लेव में भी चोरी
उधर, मंगलवार शाम शालीमार गार्डन के गौरी शंकर एंक्लेव निवासी ठेकेदार अजीम खान के फ्लैट में घुसकर चोरों ने करीब एक लाख का माल उड़ा लिया। कंस्ट्रक्शन ठेकेदार अजीम ने बी-283 स्थित फ्लैट में गोदाम बना रखा है।
चोर बिल्डिंग की शॉफ्ट से फ्लैट में घुसे और ब्रास की टोटी, सेनेटरी का सामान चोरी कर ले गए। शाम करीब साढ़े चार बजे चोरी हुई। खिड़की की ग्रिल टूटी देखकर पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी। अजीम ने बताया कि करीब चार माह पहले भी उनके इसी फ्लैट में चोरी हो चुकी है।