ऑटो सवार मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के असिस्टेंट इंजीनियर के बैग से 25 हजार रुपये और मोबाइल चोरी कर लिया गया। चौकी थाने में उनकी सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की। इसके बाद रिपोर्ट लिखी गई।कवलेश्वर प्रसाद मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में असिस्टेंट इंजीनियर हैं। उनका परिवार गोविंदपुरम आई ब्लॉक में रहता है।
रविवार सुबह 6:45 बजे वह ट्रेन से गाजियाबाद रेलवे स्टेशन आए और गोविंदपुरम जाने के लिए शेयरिंग ऑटो में सवार हो गए। उनके पास से एक बैग था, जिसमें 25 हजार रुपये और मोबाइल रखा था। ऑटो में एक सवारी पहले से बैठी थी जबकि चालक के जानने वाले दो युवक रास्ते में बैठे। तीनों उन्हें घेर कर बैठ गए।
गोविंदपुरम पुलिस चौकी के पास ऑटो चालक ने उन्हें यह कहकर उतार दिया कि वह आई ब्लॉक नहीं जाएगा। जब वह घर पहुंचे और बैग खोलकर देखा तो उसमें से रुपये-मोबाइल गायब था। उन्होंने बताया कि ऑटो में बैठी सवारियां चालक की साथी थीं, जिन्होंने चोरी की है। पहले वह चौकी गए लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद थाने पहुंचे, मगर वहां भी रिपोर्ट लिखने से मना कर दिया गया।
सोमवार को उन्होंने एसएसपी से इसकी शिकायत की। एसएसपी ने कविनगर थाने की पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए तब उनकी एफआईआर दर्ज की गई। एसएचओ कविनगर ने बताया कि ऑटो चालक की तलाश की जा रही है।