हिसाली-धेदा रोड से सोमवार शाम कार सवार बदमाशों ने 12वीं के छात्र का अपहरण कर लिया। बदमाशों ने मारपीट कर छात्र को खीर में नशीला पदार्थ खिलाया और रातभर उसे कार में घुमाते रहे। सुबह छात्र किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छूटकर 10 किमी दूर पैदल चलकर घर पहुंचा। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया।
हिसाली गांव निवासी संजय कुमार चिनाई का काम करते हैं। उनका बेटा शिवम (16) 12वी का छात्र है। वह सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे बाल कटवाने के लिए पैदल जा रहा था। हिसाली-धेदा रोड पर कार सवार कुछ लोगों ने तमंचे के बल पर उसका अपहरण कर लिया। कार सवार छात्र को गंगनहर पटरी के रास्ते ले गए।
उधर, देर रात तक छात्र के घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाश की। सूचना पुलिस को दी। पुलिस भी रातभर छात्र को आसपास के जंगल में तलाशती रही, लेकिन पता नहीं चला। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे शिवम नशे की हालत में घर पहुंचा। शिवम ने बताया कि कार सवारों हाथ-पैर बांधकर उसे कार में डाल दिया।
बाद में उसे खीर खिलाई, जिसे खाकर वह बेहोश हो गया। बदमाश उसे चितौड़ा, मसूरी, गंगनहर पटरी पर कार में डालकर घुमाते रहे। उन्होंने मंगलवार सुबह करीब पांच बजे डासना में एक सुनसान रास्ते में कार रोकी और सभी शौच के लिए चले गए। मौका पाकर शिवम कार से भाग निकला और 10 किमी दूर पैदल चलकर घर पहुंचा।
घर में बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे सीएचसी में भर्ती कराया। बाद से उसे गाजियाबाद रेफर कर दिया गया। आशंका है कि मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा हो सकता है। एसओ रनवीर सिंह का कहना है कि सोमवार रात छात्र के परिजनों ने उसके लापता होने की सूचना दी थी, लेकिन अभी तक तहरीर नहीं दी है।