बिटक्वाइन दिलाने के नाम पर 25 लाख ठगने वाले दो धरे
साहिबाबाद। लिंक रोड पुलिस ने 10 सितंबर को वैशाली निवासी एक व्यक्ति से सस्ते दाम पर बिटक्वाइन दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये ठगने वाले दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से फर्जी आईडी बरामद हुई है। उनका एक साथी फरार है। यह ठगी लिंक रोड स्थित एक होटल में की ग्रइ थी। दोनों शातिरों पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, वैशाली में उदित वत्स परिवार के साथ रहते हैं। वह एक एमएनसी कंपनी में हैं। उदित ने बताया कि उनकी मुलाकात कब्बू बेग और साजिद खान निवासी भवानी मंडी झालावाड़ राजस्थान से हुई थी। लिंक रोड स्थित एक होटल में 10 सितंबर को दोनों ने सस्ते में बिट क्वाइन दिलाने के नाम पर उदित वत्स को 25 लाख रुपये लेकर बुलाया था। उदित ने कब्बू और साजिद को रुपये दिए थे। सभी बैठकर बात कर रहे थे। तभी कब्बू रुपयों से भरा बैग लेकर बाहर निकल गया। काफी देर तक नहीं लौटने पर साजिद भी कब्बू को बुलाने के नाम पर बाहर निकला और दोनों भाग गए। उदित ने दोनों के नंबर पर कॉल की तो वे नंबर बंद मिले। तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का पता चला। उदित ने लिंक रोड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। साहिबाबाद सीओ डा. राकेश मिश्रा ने बताया कि एसएचओ लिंक रोड बृजेश वर्मा ने टीम के साथ दोनों आरोपियों को महाराजपुर स्थित कौशांबी बस डिपो के पास से पकड़ा। दोनों के पास से दो-दो फर्जी आधार, पैन कार्ड और वारदात में प्रयुक्त मोबाइल मिले हैं। दोनों के खिलाफ राजस्थान के विभिन्न थानों में चोरी और ठगी के 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी और रुपये बरामद करने में जुटी है।
फर्जी आईडी लगाकर लिया था होटल में कमरा
एसएचओ बृजेश वर्मा ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि होटल में कब्बू बेग और साजिद एक और साथी के साथ आए थे। होटल में दोनों के साथी की आईडी लगी थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपी कुछ दिन पहले दिल्ली के एक होटल में रुके थे। वहां पर पता किया गया तो दोनों ने फर्जी आईडी पर कमरा लिया था। आरोपियों ने सारे नंबर फर्जी आईडी पर लिए थे। पुलिस ने पीड़ित से आरोपियों के सभी नंबर लिए और सर्विलांस की मदद से दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूर्व में यह गिरोह कई ठगी की वारदातें कर चुका है।