गोविंदपुरम अनाज मंडी में सोमवार रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने गन प्वाइंट पर व्यापारी संदीप से 50 हजार रुपये लूट लिए। वारदात से सनसनी फैल गई। कविनगर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है।
व्यापारी संदीप नई बस्ती के रहने वाले हैं, गोविंदपुरम अनाज मंडी में उनकी दाल-चावल आदि की थोक की दुकान है। संदीप ने बताया कि रात करीब पौने नौ बजे वह दुकान का शटर बंद कर रहे थे, तभी एक बाइक पर तीन बदमाश आए और उन्हें गन प्वाइंट पर ले लिया।
विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी। उनके पास करीब 50 हजार रुपये थे, जिन्हें लूट कर बदमाश फरार हो गए। अंधेरा होने के कारण वह बाइक का नंबर नोट नहीं कर सके, न ही लुटेरों का चेहरा देख सके।
उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। कविनगर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। इस संबंध में सीओ द्वितीय मनीष मिश्र का कहना है कि लुटेरों की सुरागकशी की जा रही है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।