बैंक मैनेजर समेत तीन को मारा चाकू
साहिबाबाद। बृज विहार में सोमवार देर रात झगड़ा कर रहे दो युवकों ने एक निजी बैंक मैनेजर समेत तीन लोगों को चाकू मारकर घायल कर दिया। दोनों आरोपी एक युवक से मारपीट करते हुए मैनेजर की कार से टकरा गए थे। बैंक मैनेजर के विरोध करने पर उन्होंने चाकू से हमला कर दिया। बैंक मैनेजर को गंभीर हालत में कौशांबी के यशोदा अस्पताल में ओर दो युवकों को दिल्ली के जीटीबी में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों ने लिंकरोड थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बृजविहार बी-ब्लॉक में तरुण दत्त परिवार के साथ रहते हैं। वह नोएडा स्थित आईसीआईसीआई बैंक में सीनियर मैनेजर हैं। सोमवार रात करीब पौने ग्यारह बजे दो युवक कुछ लोगों से झगड़ा कर रहे थे। झगड़ा करते हुए दोनों आरोपी घर के बाहर खड़ी तरुण की कार से आकर टकरा गए। उन्होंने दोनों को घर के बाहर नहीं झगड़ने की बात कही। यह बात दोनों को इस कदर नागवार गुजरी कि दोनों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में तरुण के कंधे और पेट में चाकू लगा। इस दौरान बृज विहार निवासी शादाब और मोहित भंडारी बीचबचाव करने आए। तभी आरोपियों ने इन दोनों के हाथ और पेट में चाकू मार दिया। तरुण को कौशांबी स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां तरुण के कंधे का ऑपरेशन किया है। वहीं, शादाब और मोहित का दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ितों ने लिंकरोड थाने में तहरीर दी है। एसएचओ लिंकरोड जेपी चौबे ने बताया कि मामले में तरुण के परिजनों ने लिंक रोड थाने में हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपी सुमित मावी और योगेंद्र उर्फ योगी निवासी जनकपुरी साहिबाबाद हैं।