भरे बाजार युवती से छेड़छाड़, दो समुदाय आमने-सामने
गाजियाबाद। यूपी सरकार का एंटी रोमियो अभियान दम तोड़ चुका है। शनिवार रात भीड़ भरे बाजार तुराबनगर में अल्पसंख्यक समुदाय के एक युवक ने दूसरे समुदाय की युवती से सरेराह छेड़छाड़ की। अपने भाई की एक साल की बेटी को लेकर घर जा रही युवती का हाथ पकड़कर युवक ने उसका नंबर मांगा। युवती की शिकायत पर उसका भाई वहां पहुंचा तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और फरार हो गया। इस पर तुराबनगर के व्यापारी भड़क गए। उन्होंने घंटाघर कोतवाली में हंगामा किया। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के आश्वासन पर उनका गुस्सा शांत हुआ।
तुराबनगर के एक अहाते में 18 वर्षीय युवती अपने परिवार के साथ रहती है। उसके पिता ठेला लगाते हैं और भाई प्राइवेट नौकरी करता है। शनिवार रात करीब आठ बजे वह अपने भाई की एक साल की बेटी को लेकर घर जा रही थी। इसी दौरान तुराबनगर में ही रेडीमेड लेडीज सूट की दुकान चलाने वाला मोदीनगर निवासी दानिश ने युवती का हाथ पकड़ लिया। परिजनों का आरोप है कि पहले उसने युवती से बच्ची छीनने की कोशिश की, न देने पर उसने पीछा किया और युवती का फोन नंबर मांगा। उसने विरोध किया, लेकिन वह उसे परेशान करता हुआ घर तक पहुंच गया। युवती ने अपने भाई को फोन पर जानकारी दी तो भाई मौके पर पहुंचा और आरोपी युवक को धमकाया। आरोपी युवक दानिश ने अपने भाई के साथ मिलकर युवती के भाई से मारपीट की। इस पर अन्य दुकानदार भी इकट्ठा हो गए तो आरोपी भाग गया। दुकानदारों ने आरोपी के भाई को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और कोतवाली का घेराव कर दिया। हंगामे की सूचना पर एएसपी मनीषा सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने लोगों को शांत कराया। एएसपी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी दानिश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश की जा रही है।